आयुक्त ने कहा बाउंड्रीवाल के नाम पर व्यवसायिक काम्प्लेक्स बनाना अवैधानिक
अनिल टाह कह रहे जमीन सरकारी नही मेरी पैतृक है
बिलासपुर। शहर भीतर सरकारी जमीन पर अवैध अतिक्रमण कर निर्माण कराये जाने का मामला सामने आया है यह अतिक्रमण स्मार्ट सिटी रोड नंबर-2 में स्थित जमीन पर हो रहा है। इस जमीन के मालिक कांग्रेस नेता अनिल टाह है और उन्होंने अपनी जमीन पर बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य के लिए बकायदा निगम से अनुमति ली है, यहाँ तक तो सब ठीक है, पर कुछ लोगों ने इनके द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य पर उँगली उठायी है और इसकी शिकायत जिला और निगम प्रशासन को दो बार दी है।
शिकायतकर्ताओं की माने तो अनिल टाह अपने प्रभाव का गलत उपयोग करते हुए शासकीय जमीन पर अवैध निर्माण कर रहे हैं और भू-माफियाओं के साथ मिलकर आस-पास रहने वालों का मार्ग अवरुद्ध कर रहे हैं। इससे अनहोनी हिंसक कार्यवाही हो सकती है।
शिकायतकर्ताओं ने निगम प्रशासन को कटघरे में खड़े करते हुए कहा कि इस बारे में निगम को दो बार जानकारी लिखित में दी गयी है। बावजूद इसके कोई कार्यवाही नहीं की गयी है।
जब इस बारे में कांग्रेस नेता अनिल टाह से बात की, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यह जमीन मेरी पैतृक थी और उसे सुरक्षित करने के लिए, मैं उसमें दुकानों का निर्माण नहीं, बाउंड्रीवाल करवा रहा हूँ। इसके लिए मैंने बकायदा निगम से अनुमति ली है।
वहीं, इस मामले पर निगम कमिश्नर अजय त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस नेता अनिल टाह के द्वारा उक्त जमीन पर बाउंड्रीवाल की अनुमति लेकर व्यवसायिक परिसर का निर्माण कराए जाने की लिखित शिकायत मिली प्राप्त हुई थी, जिसे गंभीरता से लेते हुए मेरे निर्देश पर भवन अधिकारी, निर्माण स्थल में दो बार जाकर समझाइश दी हैं। अगर इसके बाद भी वे निगम की बातों को गंभीरता से नहीं लेते हैं, तो उनपर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी। त्रिपाठी ने बताया कि राजस्व विभाग से जमीन के संबंध में जानकारी मांगी गयी है। जानकारी आने तक वहां निर्माण कार्य बंद रहेगा।




