मुंगेली। नशे के अवैध कार्य करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही करने हेतु पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के पर्यवेक्षण में 13 अक्टूबर 2024 को जिले के साइबर सेल की टीम एवं थाना जरहागांव को मुखबीर के जरिये सूचना प्राप्त हुई कि सफेद रंग के अर्टिगा वाहन में कुछ व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की तस्करी करते हुये अंबिकापुर-बिलासपुर से मुंगेली की तरफ आने वाले हैं। सूचना प्राप्त होने पर तत्काल घेराबंदी एवं धर पकड़ हेतु अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग टीम को तैनात किया गया। इसी दौरान शाम तकरीबन 4-5 बजे के मध्य बिलासपुर तरफ से एक अर्टिगा कार क्रमांक CG 28 K 4790 आते दिखी जिसे पूर्व से तैनात पुलिस की टीम द्वारा घेराबंदी कर रोका गया। कार में 06 व्यक्ति सवार थे। NDPS एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुये कार एवं उसमें सवार व्यक्तियों की विधिवत् तलाशी ली गई। कार के अंदर रखे कैरी बैग के अंदर अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर मिलने पर सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर एवं तस्करी में प्रयुक्त वाहन अर्टिगा कार को जप्त किया गया। आरोपियों द्वारा पूछताछ में बताया गया कि अवैध ब्राउन शुगर को दीगर राज्य से पहले बस में लेकर आये उसके बाद अंबिकापुर-कोरबा के सीमा से अन्य साथियों के साथ कार के माध्यम से तस्करी करते हुये मुंगेली आ रहे थे। अपचारी बालक सहित अन्य 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों में आनन्द उर्फ भूरू यादव पिता हेम कुमार,संदीप गोस्वामी पिता मनोज,सुनील जायसवाल पिता गणेश,प्रिंशु गुप्ता,आसुतोष जायसवाल है ये सभी आरोपी मुंगेली के ही रहने वाले हैं।
उपरोक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली मुंगेली संजय सिंह राजपूत, थाना प्रभारी जरहागांव उप निरीक्षक सुशील बंछोर, सउनि महादेव खुंटे, प्रधान आरक्षक महेश राज, सुशांत पाण्डेय, जितेन्द्र सिंह, सत्यम राजपूत एवं साइबर सेल की टीम का विशेष योगदान रहा।