3 रेलवे स्टेशनों का भी नाम शामिल
मुंबई। बिग-बी के ठिकानों सहित चार जगहों पर बम रखे होने की फोन काल ने मुंबई पुलिस की नींद उड़ा दी है। इससे पूरे महाराष्ट्र में हड़कंप मचा हुआ है। फोन काल के द्वारा मुंबई पुलिस को धमकी दीर गई है कि बालीवुड के सुपर स्टार अमिताभ बच्चन के निवास सहित चार स्थानों पर बम रखे गये हैं। बम की सूचना मिलते ही अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए।
आनन-फानन में बम निरोधक दस्ते और जीआरपी की टीम ने बताए गए जगहों की तलाशी ली। लेकिन जांच में यह कॉल फर्जी निकला। वहीं अब इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की सीआईयू (क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट) ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस के मुख्य कंट्रोल रूम को शुक्रवार रात फोन आया, जिसमें फोन करने वाले ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी), भायखला, दादर रेलवे स्टेशन और अभिनेता अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित बंगले पर बम रखे गए हैं.
अधिकारी ने आगे कहा, ‘कॉल मिलने के बाद रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस कर्मियों के साथ इन स्थानों पर पहुंचे और तलाशी अभियान चलाया.’पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, ‘इन जगहों पर अब तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है, लेकिन वहां भारी पुलिस तैनाती की गई है. आगे की जांच जारी है।