पति को आया गुस्सा, काट डाले पत्नी के बाल

महाराष्ट्र के पुणे में एक चिकित्सक को कथित तौर पर उसकी पत्नी के बाल काटने और प्रताडि़त करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि 38 वर्षीय चिकित्सक की अपनी पत्नी से किसी बात पर बहस हो गई थी, जिसके बाद आवेश में आकर उसने यह कदम उठा लिया। बता दें कि पीडि़ता भी चिकित्सक है। इस मामले को लेकर शहर के विश्रांतवाड़ी पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार की है। शहर के धनोरी इलाके में स्थित रहने वाले चिकित्सक दंपती के बीच बहस हुई थी। रात को आरोपी नशे में घर आया था और पत्नी के यह बताने पर कि वह अपनी बहन के विवाह कार्यक्रम में जाएगी, वह उससे झगड़ा करने लगा। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने पत्नी के साथ मारपीट की और एक चाकू से उसके बाल काट दिए। वहीं, महिला ने सोमवार को पुलिस के पास पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई। महिला की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 326 के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *