तोड़फोड़ मामले में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष और उसके साथियों के खिलाफ अपराध दर्ज, जल्द होगी कार्रवाई
मुंगेली/लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी में एकबार फिर amritsandesh.com की खबर का बड़ा असर हुआ है। लोरमी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मेन कुमार भार्गव सहित दो अन्य सहयोगियों के द्वारा शासकीय विश्रामगृह में तोड़फोड़ करने का मामला उजागर हुआ था।
वहीं इसकी लिखित शिकायत पीडब्ल्यूडी लोक निर्माण विभाग के एसडीओ के द्वारा थाने में की गई थी, जिसकी खबर को amritsandesh.com में प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी मेन कुमार भार्गव सहित अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
इस पूरे मामले को लेकर थाना प्रभारी राजकुमार साहू ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के एसडीओ सीएस करवार के लिखित रिपोर्ट पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी लोरमी अध्यक्ष मेन कुमार भार्गव और अन्य के विरुद्ध धारा 427 भारतीय दंड विधान एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। वहीं मामले में विवेचना करने के उपरांत जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
दरअसल, लोरमी के शासकीय विश्रामगृह में कांग्रेस पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष के द्वारा वहां पदस्थ कर्मचारी से खाना बनाकर खिलाने की मांग की गई। मौके पर मौजूद विश्रामगृह के कर्मचारी विनोद साहू ने रेस्ट हाउस इंचार्ज अमन शर्मा से बात कराया। इस बीच नेता और कर्मचारी के बीच हुई बातचीत में कर्मचारी ने कहा कि पैसा देंगे तो खाना बनेगा या एसडीओ से बात कर लीजिए।
इसी बात को लेकर ब्लॉक अध्यक्ष गुस्से में आ गए और अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष मेन कुमार भार्गव के द्वारा वीआईपी कमरे में तोड़फोड़ कर दिया गया। जहां टेबल का कांच क्षतिग्रस्त होकर कमरे में बिखर गया, जिसकी लिखित शिकायत विश्रामगृह के कर्मचारियों ने लोरमी के एसडीएम कार्यालय सहित थाने में करते हुए जल्द ही कार्रवाई की मांग की गई है।
कांग्रेस के पदाधिकारी और अन्य सहयोगियों के द्वारा सरकारी रेस्ट हाउस में जमकर तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दे दिया। आरोप यह भी है कि कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष शराब के नशे में धुत था, जिनके द्वारा बदतमीजी करते हुए तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया गया था।

