रायपुर। प्रदेश में चल रहे राजनीतिक उठापटक से सट्टा बाजार के भी सक्रिय होने की खबर है बाजार में अब सटोरिये इस पर भी दांव लगा रहे हैं कि मुख्यमंत्री की कुर्सी रहेगी या जाएगी और सिंहदेव मुख्यमंत्री बन पाएंगे या नहीं। इस काम में पुराने सटोरियों द्वारा ही लाखों-करोड़ों का दांव लगवाया जा रहा है और लोग भी जमकर इसपर पैसा लगा रहे हैं। इस बीच सूत्र बता रहे और संभावना यह भी देखी जा रही है कि 10 या 13 सितंबर को मुख्यमंत्री के रूप में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव की ताजपोशी हो सकती है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार क्रिकेट में सट्टा लगाने का काम करने वाले सटोरिये राजनीतिक मामलों को लेकर भी सट्टा का बाजार गर्म कर रहे हैं। शहर में ही कई ऐसे सटोरिये हैं जो कि लम्बे समय से सट्टा लगवाने का काम कर रहे हैं और कई बार पुलिस के हत्थे भी चढ़ चुके हैं परन्तु जेल से छूटकर ये फिर से अपने काम में लग जाते हैं। वर्तमान में आईपीएल स्थगित है और भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के दौरे पर है जहां अभी टेस्ट मैचों की सीरीज चल रही है इन मैचों से ज्यादा वर्तमान में सटोरिये राजनीति के मैदान में हो रहे मैच में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। प्रदेश में मुख्यमंत्री के बदले जाने को लेकर कयासों का दौर है वहीं स्वास्थ्य मंत्री व अम्बिकापुर विधायक टीएस सिंहदेव मुख्यमंत्री बनने के लिए दावेदार हैं ऐसे में इसी को लेकर सट्टा बाजार में दांव लगने की खबर है।
सूत्रों के हवाले से मिली इस जानकारी में यह भी खबर है कि इस पर शहर के कई लोगों द्वारा लाखों का दांव खेला जा रहा है शहर के ज्यादातर लोगों का दांव श्री सिंहदेव पर ही है और ज्यादातर का मानना है कि श्री सिंहदेव मुख्यमंत्री बन रहे हैं वहीं कुछ ऐसे भी हैं जो कि मान रहे हैं कि भूपेश बघेल कुर्सी पर बरकरार रहेंगें। वहीं यह भी खबर है कि सटोरियों पर पुलिस की भी नजर टेढ़ी हो रही है और कभी भी पुलिस इस मामले में कार्यवाही कर सकती है इस पूरे कारोबार में पुराने सटोरिये ज्यादा
सक्रिय बताए जा रहे हैं। अब पुलिस मामले में कुछ कार्यवाही कर पाती है या सटोरिये लोगों को एक बार फिर से इस जुए में ठगने में कामयाब होते हैं यह कुछ दिनों में पता चल जाएगा।