• सीएम ने अपने पिता नंद कुमार बघेल के बयान पर जताया दुख, मेरे पिता से शुरु से मेरे वैचारिक मतभेद हैं।
• सभी समुदाय की भावनाओं का पूरा सम्मान है, कानूनसम्मत कार्यवाही जरूर होगी,कोई भी कानून से बड़ा नही।
रायपुर। सीएम भूपेश बघेल के पिता नंदकुमार के लगातार ब्राह्मण विरोधी अशोभनीय बयानबाजी के बाद सीएम को सफाई देने की जरूरत पड़ी।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि विगत दिनों उनके पिता नंदकुमार बघेल द्वारा एक वर्ग विशेष के विरूद्ध की गई टिप्पणी उनके सज्ञान में आयी है, उनकी इस टिप्पणी से समाज के एक वर्ग की भावनाओं और सामाजिक सद्भाव को ठेस लगी है, उनके इस बयान से उन्हें भी दुःख हुआ है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि मुझे सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से यह ज्ञात हुआ है कि ये बात कही जा रही है कि नंदकुमार बघेल पर इसलिये कार्यवाही नहीं होगी क्योंकि वे मुख्यमंत्री के पिता हैं। श्री बघेल ने यह स्पष्ट कहा है कि उनकी सरकार सभी को एक ही दृष्टि से देखती है। उनके पिता नँदकुमार बघेल से उनके वैचारिक मतभेद शुरू से हैं ये बात सभी को पता है।
मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि हमारे राजनीतिक विचार एवं मान्यतायें भी बिल्कुल अलग अलग हैं। एक पुत्र के रूप में मैं उनका सम्मान करता हूँ लेकिन एक मुख्यमंत्री के रूप में उनकी किसी भी ऐसी गलती को माफ नहीं किया जा सकता जो सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ने वाली हो। उनकी सरकार में कोई भी कानून से ऊपर नहीं है फिर चाहे वो मुख्यमंत्री के 86 साल के पिता ही क्यों न हों।
श्री बघेल ने कहा है इस सम्बंध में पुलिस द्वारा विधिसम्मत कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। छत्तीसगढ़ सरकार हर जाति, हर धर्म, हर वर्ग हर समुदाय के लोगों के सम्मान और उनकी भावनाओं की कद्र करती है, सभी को एक समान महत्व देती है और सभी के मान सम्मान और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा करना अपना कर्तव्य समझती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लिए कानून सर्वोपरी है।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पिता नंद कुमार बघेल ने अपने उत्तर प्रदेश के प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए ब्राह्मण समुदाय पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की थी जिसका वीडियो वायरल हुआ था और उसके बाद ब्राह्मण समाज ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। इसके साथ ही विपक्ष ने भी उन्हें आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि बघेल पर कार्यवाही इसलिए नहीं होगी क्योंकि उनके बेटे राज्य के मुख्यमंत्री हैं।