सिद्धू का पाकिस्तान से रिश्ता, नहीं बनने दूंगा CM-कैप्टन अमरिंदर

कैप्टन ने बदला तेवर,आलाकमान को दी सीधी चुनौती

चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह उन्हें सीएम बनाए जाने का विरोध करेंगे। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि सिद्धू का पाकिस्तान, उसके प्रधानमंत्री इमरान खान और सेना चीफ कमर जावेद बाजवा से रिश्ते हैं। कैप्टन ने कहा कि यह देश की सुरक्षा का मामला है। बता दें, अमरिंदर के बाद पंजाब में मुख्यमंत्री पद के लिए सिद्धू को प्रमुख दावेदार बताया जा रहा है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि सिद्धू को मैं अच्छी तरह से जानता हूं। सिद्धू पंजाब में कोई मैजिक नहीं करने जा रहे हैं। वह एक डिजास्टर साबित होंगे। कैप्टन ने आगे कहा कि यह कांग्रेस पार्टी का फैसला है। वह उनको पीसीसी का चीफ बनाती है बनाएं। लेकिन अगर उन्हें सीएम फेस बनाया गया। अगर उन्हें पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रोजेक्ट किया गया तो मैं इसका विरोध करूंगा।

देश की सुरक्षा के लिए बताया खतरा

अमरिंदर सिंह सिर्फ इतने पर ही नहीं रुके। उन्होंने नवजोत सिंह सिद्धू को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा तक बता दिया। कैप्टन ने कहा कि यह नेशनल सिक्योरिटी का मसला है। जब अमरिंदर सिंह से पूछा गया कि वह ऐसा क्यों कह रहे हैं तो उन्होंने कहा कि मुझे पता है कि उसके पाकिस्तान से बहुत अच्छे संबंध हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान से सिद्धू की दोस्ती है। जनरल बाजवा से उसकी दोस्ती है।

पाकिस्तान से कितने हथियार आ रहे हैं, सिद्धू को सीएम बनाना सेफ नहीं

अमरिंदर ने कहा कि हर रोज पंजाब में पाकिस्तान से ड्रोन आते हैं। कितने हथियार, कितने विस्फोटक, आरडीएक्स, पिस्टल वगैरह सब पाकिस्तान से ही तो आ रहे हैं। हमारा कितना लंबा कॉमन बॉर्डर है जो पाकिस्तान से जुड़ता है। ऐसे में सिद्धू को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाना देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। कैप्टन ने कहा कि अगर ऐसा कोई भी फैसला होता है तो वह खुलकर इसका विरोध करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *