लखीमपुर खीरी घटना के दोषियों सजा देने की मांग को लेकर कांग्रेस का मौन व्रत – देवेश मिश्रा

अजय मिश्रा की बर्खास्तगी को लेकर देश भर में ‘मौन व्रत’ करेगी कांग्रेस

दुर्ग। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग द्वारा कल मौन व्रत रखा जाएगा। प्रवक्ता देवेश मिश्रा ने बताया कि उत्तरप्रदेश के लखीमपुर खीरी में कृषि कानून के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे किसानों को केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा की धमकी एवं उनके स्वामित्व वाली वाहन से कुचलने के बाद दोषियों के ऊपर कार्यवाही न करने के विरोध में एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री व सरकार को बर्खास्त करने मौन व्रत प्रदर्शन कल सुबह 11 बजे हिन्दी भवन के सामने महात्मा गांधी प्रतिमा के समीप रखा गया है।

इस मौन व्रत में विशेष रूप से छत्तीसगढ़ भंडार निगम के अध्यक्ष कैबिनेट मंत्री अरुण वोरा,शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गया पटेल, महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव के साथ साथ सभी वरिष्ठ कांग्रेसजन,जिला कांग्रेस के समस्त पदाधिकारी गण,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल,के समस्त पदाधिकारी गण,वार्ड प्रभारी गण, पार्षद, छाया पार्षद व पूर्व पार्षद, एल्डरमैन व कांग्रेस के समस्त प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

बता दें कांग्रेस लखीमपुर हिंसा मामले के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा की बर्खास्तगी की मांग को लेकर सोमवार को देश भर में ‘मौन व्रत’ कार्यक्रम का आयोजन करेगी। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को भेजे गए पत्र के मुताबिक, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से 11 अक्टूबर को सभी राज्य मुख्यालयों पर राजभवनों या केंद्र सरकार के दफ्तरों के समक्ष सुबह 10 बजे से दिन में एक बजे तक ‘मौन व्रत’ रखा जाएगा।

सभी प्रदेश इकाइयों से कहा गया है कि वह इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों और अग्रिम संगठनों एवं विभागों के प्रमुखों की भागीदारी सुनिश्चित करें। कांग्रेस ‘मौन व्रत’ के माध्यम से लखीमपुर खीरी हिंसा से जुड़े सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और अजय मिश्रा को मंत्री पद से बर्खास्त करने की मांग करेगी। गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया क्षेत्र में गत रविवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दौरे का विरोध करने के दौरान हिंसा में चार किसानों समेत आठ लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *