अविभाजित मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री रहे मूलचंद खंडेलवाल का निधन

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं मध्यप्रदेश के दौर में मंत्री रह चुके मूलचंद खंडेलवाल (मुल्लू भैय्या) का आज सुबह नौ बजे देहांत हो गया है। वे लंबे समय से अपोलो अस्पताल में भर्ती थे। स्वर्गीय मूलचंद खंडेलवाल को बिलासपुर शहर ही नहीं वरन जिले और प्रदेश के ऐसे नेताओं में गिना जाता था जो खुद भी जबरदस्त उत्साही तथा ऊर्जावान ही नही बल्कि उनमें कार्यकर्ताओं में भी जोश और उत्साह भरने का विशेष गुण मौजूद था। गोल बाजार वार्ड के पार्षद पद से (तत्कालीन जनसंघ दीया छाप) राजनीति की पारी शुरू करने वाले मूलचंद खंडेलवाल ही वह शख्स थे, जिन्होंने 1990 में कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार कांग्रेस को परास्त किया था। इस जीत के बाद उन्हें प्रदेश के मंत्री पद से भी नवाजा गया था। मूलचंद खंडेलवाल का जन्म 1937 में हुआ था। और आज सुबह 9 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करने वाली इस शख्सियत का 84 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मूलचंद खंडेलवाल का अंतिम संस्कार कल किया जाएगा। राजनीति के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों तथा सांस्कृतिक आंदोलनों से जुड़े हुए मूलचंद खंडेलवाल का निधन भारतीय जनता पार्टी और बिलासपुर शहर के लिए ऐसी अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *