बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना में दशगात्र भोज के बाद देर रात 50 लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने से हडकंप में मच गया। मामला कोटा क्षेत्र के बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम आमामुड़ा की है।
एंबुलेंस नहीं मिली तो पिकअप में भरकर ले गए अस्पताल
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर 15 ग्रामीणों को पिकअप से इलाज के लिए रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां से 10 लोगों की हालत गंभीर देख सिम्स रेफर किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि 108 एंबुलेंस के लिए कॉल किया, लेकिन उपलब्ध नहीं होने के चलते, नहीं मिल सकी।
परिजन के अलावा आसपास के ग्रामीण भी शामिल हुए थे दशगात्र में
जानकारी के अनुसार, कोटा क्षेत्र के बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम आमामुड़ा में रविवार को दशगात्र था। इसमें शामिल होने के लिए स्थानीय लोगों के साथ ही छतौना, बरगवां, टिकरा, केंदा सहित आसपास के गांव के परिजन व रिश्तेदार बड़ी संख्या में पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने दोपहर में भोजन किया। इसके बाद अचानक रात में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। फिर देखते ही देखते ग्रामीण उल्टी व दस्त करने लगे।
इनकी बिगड़ी तबीयत
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रतनपुर से मिली जानकारी के अनुसार, आमामुड़ा निवासी जगपाल, सगम बाई, रूप सिंह, ध्यान सिंह, धरमांध सिंह, राजकुमार, जगमोहन, ध्यान सिंह, चंद्रमति, चंद्रिका, जानकुंवर, सहित 15 लोगों को इलाज के लिए भर्ती कराया गया। जिनमें 10 मरीजों को सिम्स रेफर किया गया है।