पति की लंबी आयु की कामना और परिवार की सुख समृद्धि के लिए किया
मुंगेली। पति की लंबी आयु की कामना और परिवार की सुख समृद्धि के लिए किया जाने वाले करवा चौथ व्रत रविवार को क्षेत्र में विधि-विधान के साथ मनाया गया। सुहागिनों ने पूरा दिन निर्जला व्रत रख व सोलह श्रृंगार कर चांद का दीदार किया तथा शाम आठ बजे के बाद अर्घ्य देकर पूजा अर्चना की। इसके बाद पति व बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया तथा पति के हाथों पानी पीने के बाद व्रत तोड़ा। इस दौरान पति ने भी उन्हें तोहफे दिए। जिले के शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुहागिन महिलाओं ने उत्साह के साथ करवा चौथ पर्व मनाया।
नगर के सभी कालोनियों, सदर बाजार, गोल बाजार,शिक्षक नगर,करही कालोनी आदि इलाकों में पूरे उल्लास के साथ त्योहार मनाया गया। इस दौरान कई महिलाओं ने समूह में मंदिरों में भी एकत्रित होकर पूजा अर्चना की। मंदिरों में महिलाओं ने व्रत से संबंधित कथा सुनकर अपने बड़े बुजुर्ग का आशीर्वाद लिया। व्रत के बाद महिलाओं ने देर रात चांद के दर्शन किए और अपने पति के हाथों जल पीकर व्रत तोड़ा। वहीं जिनके पति बाहर रहते हैं उन्होंने विडियो काल कर पति के दर्शन किए।
सदर बाजार निवासी व्यवसायी सुनील बैद की धर्मपत्नी श्रीमती रीता बैद ने बताया कि शादी के बाद से वह करवा चौथ मनाती आ रही हैं। शुरुआत से लेकर आज तक इस पर्व को लेकर उत्साह एक जैसा बना हुआ है। इस दौरान बाजारों में पूरी चमक-दमक रही। एक दिन पूर्व से ही महिलाओं ने फल-मिठाई एवं पूजा के पारंपरिक सामानों की खरीददारी की जिससे बाजार गुलजार बना रहा। रविवार को देर रात में सुहागिनों ने पहले चांद और फिर पति का चेहरा देख व्रत तोड़ा।
