नई दिल्ली/रायपुर। पेट्रोल-डीजल के दामों में इतनी तेजी से बढ़ोतरी ने हर किसी का बजट हिला दिया। हां, दिवाली से एक दिन पहले केंद्र सरकार ने इन दामों को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाया है।
केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 5 रुपए और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपए कम की जा रही है। इसके साथ ही पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने यह गेंद राज्यों के पाले में डाल दी। उन्होंने लिखा कि अब राज्य सरकारों को भी ईंधन पर वैट की दरों में कमी करके त्योहारी सीजन में लोगों की मदद करने की कोशिश करनी चाहिए। बस राज्यों ने भी कदम उठाने शुरू कर दिए।
इधर केंद्र के फैसले से कांग्रेस शासित राज्यों को परेशानी में डाल दिया है। छत्तीसगढ़, राजस्थान और पंजाब जैसे राज्यों से अभी तक पेट्रोल-डीजल के दामों में कटौती को कोई ऐलान नहीं किया गया है। बता दें इन राज्यों की सरकार महंगाई को मुद्दा बना कर पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों भाजपा को निशाना बनाते रहे है।
उधर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पेट्रोल और डीजल पर वैट में तत्काल प्रभाव से 7 रुपए कम करने की घोषणा कर दी। वहीं, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने 4 नवंबर (गुरुवार) से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 7 रुपए की कमी करने की घोषणा की है। उधर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट किया, ‘पहाड़ी राज्य हिमाचल में यातायात के साधन पेट्रोल और डीजल पर निर्भर हैं, ऐसे में जनता को इस रियायत का सीधा लाभ मिलेगा। पेट्रोल और डीजल पर टैक्स (VAT) कम करने को लेकर प्रदेश सरकार जल्द इसकी अधिसूचना जारी करेगी।’
कर्नाटक और गोवा सरकार ने भी लिया फैसला
बीजेपी शासित कर्नाटक और गोवा की सरकारों ने भी अपने-अपने राज्यों में पेट्रोल और डीजल के दामों में 7 रुपये की कटौती करने का आदेश जारी किया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी राज्य में पेट्रोल में वैट की दरों में प्रतिलीटर 7 रुपये की कटौती करने की घोषणा की है।
यूपी, गुजरात और मणिपुर सरकार भी कटौती
यूपी में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से ऐलान किया गया कि डीजल और पेट्रोल के दाम 12-12 रुपए प्रति लीटर कम होंगे। वहीं मणिपुर के सीएम एन बीरेन सिंह ने भी जनता के हक में बड़ा फैसला लेते हुए तत्काल प्रभाव से पेट्रोल और डीजल पर वैट 7 रुपए कम करने का फैसला लिया। इसके अलावा गुजरात में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तत्काल प्रभाव से 7 रुपए प्रति लीटर की कमी की जाएगी।