ये है उत्तरप्रदेश: आजम खां की भैंस ढूंढने वाली रामपुर पुलिस अब तलाश करेगी कांग्रेस नेता की घोड़ी

रामपुर/मुरादाबाद। सपा सांसद आजम खां के डेयरी फार्म से वर्ष 2014 में चोरी हुई भैंसें तलाश कर चर्चाओं में रह चुकी रामपुर पुलिस के पास अब कांग्रेस नेता की घोड़ी तलाशने की जिम्मेदारी आ गई है।

कांग्रेस के किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हाजी नाजिश खां की घोड़ी शुक्रवार (पांच नवंबर) की रात से गायब है। उनके मुताबिक पालतू घोड़ी तोपखाना स्थित लाला की चक्की के पास बंधी थी। उसके गायब होने पर चोरी का अंदेशा जताते हुए नाजिश खां ने ट्विटर के माध्यम से एडीजी जोन बरेली को जानकारी भेजी।

एडीजी ने मामले का संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए, जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि इस बाबत पूछने पर कोतवाल कृष्णऔतार ने कहा कि अभी मामला उनके संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा कुछ हुआ है तो घोड़ी को ढूंढा जाएगा।

नाजिश खां की मानें तो वह घोड़ी को अपने परिवार का हिस्सा मानते थे। बहुत प्यार से उसे पाला जा रहा था। इस घोड़ी को 82 हजार रुपये में खरीदा था।

बता दें कि इससे पहले 31 जनवरी 2014 को तत्कालीन कैबिनेट मंत्री और वर्तमान में रामपुर के सांसद आजम खां के पसियापुरा स्थित डेयरी फार्म से सात भैंसे चोरी हो गई थीं।

पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए 24 घंटे के भीतर एक फरवरी को ही आजम खां की सातों भैंसें बरामद कर ली थीं। वहीं, इस प्रकरण में तत्कालीन एसपी ने तत्कालीन चौकी प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया था।

इसके अलावा रामपुर में जिलाधिकारी रहे अमित किशोर का पालतू कुत्ता भी गुम हो गया था। जर्मन शेफर्ड नस्ल के इस कुत्ते को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला था।

देखना होगा कि पुराने ऐसे अनुभवों का रिकॉर्ड रखने वाली रामपुर पुलिस अब कांग्रेस नेता की गायब घोड़ी तक पहुंचने में कब तक सफलता हासिल करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *