रायपुर/ दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में कांग्रेस की दिशा विषय पर आयोजित कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। रायपुर से बाहर दुर्ग के राजीव भवन में हुई इस बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के अलावा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, शिव डहरिया समेत सरकार के कई मंत्री और पदाधिकारी शामिल हुए। इस बैठक को कांग्रेस की आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है।
कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्षों के बीच सामंजस्य बैठाएंगे पार्टी प्रभारी
बैठक में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने जिला कांग्रेस प्रभारियों को विधायकों-जिलाध्यक्षों के बीच सामंजस्य बनाने के निर्देश दिए। बैठक में ये भी फैसला हुआ कि 14 नवंबर को भिलाई से जनजागरण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हरी झंडी दिखाएंगे। अभियान का समापन 29 नवंबर को कोंडागांव में होगा।
सदस्यता अभियान और संगठन चुनाव को लेकर भी चर्चा
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में संगठन चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी सदस्यता अभियान में विधायकों को भी सक्रिय रहने को कहा गया है। इस बार 105 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी लक्ष्य को लेकर बैठक में CM भूपेश बघेल के प्रति धन्यवाद प्रस्ताव भी पारित हुआ। वहीं केंद्र सरकार के खिलाफ महंगाई के मुद्दे को लेकर राजनीतिक प्रस्ताव पारित किया गया।