रायपुर। छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल के सीएम कार्यकाल को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज गुरुवार रात 8 बजे माना एयरपोर्ट से नियमित विमान से नई दिल्ली रवाना होंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय से सीएम के दिल्ली प्रवास प्रोटोकाल जारी किए गए हैं।
जारी कार्यक्रम के अनुसार सीएम रात 8 बजे की फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वे 9.50 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से कार द्वारा छत्तीसगढ़ सदन के लिए प्रस्थान करेंगे।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस आला कमान के बुलावे पर सीएम दिल्ली जा रहे हैं। इन खबरों से छत्तीसगढ़ में सीएम कार्यकाल को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के मची खींचतान को फिर हवा मिल गई है। ये जान लें कि टीएस सिंहदेव लंबे प्रवास के बाद दिल्ली से हाल ही में लौटे हैं। सिंहदेव ने अपनी अनदेखी और नाराजगी की बात कांग्रेस हाई कमान से लेकर पार्टी को वरिष्ठ नेताओं बता दिया है। इन सबके बीच अचानक सीएम भूपेश बघेल की अचानक दिल्ली जाने की खबर से प्रदेश की सियासत फिर गरमा गई है। हालांकि सीएम दिल्ली में पार्टी हाईकमान से मुलाकात करेंगे या नहीं इस पर कांग्रेस की ओर कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
बता दें आज ही राजस्थान की राजनीति को दिल्ली में राहुल गांधी के आवास पर प्रियंका गांधी की अशोक गहलोत से करीब तीन घंटे तक मीटिंग चली, जिसके बाद राजस्थान में कई तरह के कयास लगते रहे। इस मीटिंग को लेकर माना जा रहा है कि प्रियंका गांधी ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट के खेमों को साधने के लिए किसी फॉर्म्युले पर पहुंचने के लिए चर्चा की है।
बताया जा रहा है कि राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और अजय माकन के साथ लंबी बैठक हुई। इस मीटिंग में मंत्रिमंडल विस्तार, राजनीतिक नियुक्तियों और राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा हुई।
अब छत्तीसगढ़ में इस बात की चर्चा है कि प्रदेश कांग्रेस संगठन और सीएम भूपेश बघेल की कैबिनेट में बड़ा बदलाव हो सकता है। या फिर ढाई.ढाई साल के सीएम कार्यकाल को लेकर लग रही अटकलों पर कांग्रेस हाईकमान कोई बड़ा फैसला ले सकता है।
