कृषि कानून वापस: राहुल बोले-देश के अन्नदाता ने सत्याग्रह से अहंकार का सर झुका दिया, जानें किसने क्या कहा ?

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संबोधन में बड़ा ऐलान करते हुए देशवासियों को चौंका दिया। पीएम मोदी ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने की घोषणा करते हुए आंदोलन कर रहे किसानों से घर वापस लौटने की अपील की। तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने के लिए बीते डेढ़ साल से कुछ किसान संगठन विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे।

राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर किसान संगठन लंबे समय से धरना प्रदर्शन कर रहे थे। केंद्र सरकार ने इसको लेकर कई बार किसान संगठनों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन हर बार वार्ता बेनतीजा रहीं।

पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्र सरकार के इस फैसले पर सियासी दलों के नेता अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर केंद्र सरकार पर तंज कसा। राहुल गांधी ने ट्वीट किया , “देश के अन्नदाता ने सत्याग्रह से अहंकार का सर झुका दिया। अन्याय के खिलाफ ये जीत मुबारक हो!” 

किसान आंदोलन तत्काल वापस नहीं होगा: टिकैत

कृषि कानून की वापसी पर किसान नेता और आंदोलन के अगुआ राकेश टिकैत ने कहा कि किसान आंदोलन तत्काल वापस नहीं होगा। संसद में कानून वापस होने के बाद ही इस पर फैसला लिया जाएगा।

टिकैत ने कहा कि सरकार एमएसपी के मुद्दे पर भी बात करें। इसके साथ ही किसानों से अन्य मुद्दों पर भी बात करने की जरूरत है। वहीं, कुछ किसान संगठनों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। 
 

कांग्रेस नेता संसद में उठाएंगे यह मुद्दा

वहीं, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह किसानों की जीत है, जो इतने दिनों से कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान 700 से अधिक किसानों की मौत हो गई, किसानों की मुश्किलों की जिम्मेदारी कौन लेगा? इसके लिए केंद्र दोषी है। हम इन मुद्दों को संसद में उठाएंगे।

हर किसानों की हार्दिक बधाई- ममता बनर्जी 

बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सरकार के इस फैसले पर ट्वीट किया। ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, “ये किसानों की जीत है। इस लड़ाई में हिस्सा लेने वाले किसानों को बधाई । हर किसानों को हार्दिक बधाई”

आप नेताओं ने इस फैसले का किया स्वागत

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत किया। केजरीवाल ने कहा कि आज प्रकाश पर्व के दिन कितनी बड़ी खुशखबरी मिली है। वहीं, आप नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि सरकार को किसानों के आगे आखिरकार झुकना पड़ा। सरकार को यह मांग बहुत पहले ही मान लेनी चाहिए थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *