रायपुर/कवर्धा/बिलासपुर/जांजगीर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग को लेकर बीजेपी के बंद का असर दिखा। कार्यकर्ताओं ने छत्तीसगढ़ से मध्य प्रदेश, ओडिशा और झारखंड को जोड़ने वाले हाईवे पर जाम लगा दिया है। जांजगीर में जहां BTI चौक पर NH- 49 बंद कर रखा है, वहीं कवर्धा में जबलपुर रूट बंद है। बिलासपुर में नेहरू चौक पर रास्ता ब्लॉक किया गया है। मांगे पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार
भारतीय जनता पार्टी के नेताओं कहा कि, पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों के लिए राज्य सरकार है, अगर राज्य उस पर वैट कम कर दे तो दाम अपने आप कम हो जाएंगे। नेताओं ने सीमेंट के भी दाम कम करने की मांग रखी है। बिलासपुर में नेहरू चौक का रास्ता ब्लॉक कर दिया गया है। इस दौरान सांसद सहित भाजपा के पदाधिकारियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कहा कि राज्य तानाशाही रवैया छोड़े।
रायपुर-राजनांदगांव रूट भी बंद
कवर्धा में भाजपा कार्यकर्ता तीन जगह रास्ता रोक कर प्रदर्शन कर रहे हैं। दो जगह शहर में और एक ग्रामीण इलाके में बंद है। रायपुर रोड पर जाम लगाने से कवर्धा-रायपुर रूट बंद हो गया है। वहीं लोहारा रोड पर जाम ने राजनांदगांव रूट को बाधित किया है।
शहर के बाद भाजपा ने ग्राम जोराताल में भी रास्ता जाम कर रखा है। इसके कारण कवर्धा-जबलपुर हाइवे बंद है। इसके चलते वाहनों और ट्रकों की लाइन लग गई है। नेता इसे 2 घंटे का बंद बता रहे हैं।
जांजगीर में जहां BTI चौक पर NH- 49 बंद
दूसरी ओर जांजगीर के बीटीआई चौक पर भाजपा का प्रदर्शन जारी है। प्रदेश महामंत्री और चंपा विधायक नारायण चंदेल ने कहा प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है। कांग्रेस सरकार पेट्रोल-डीजल से वैट कम नहीं करती है और सीमेंट के दामों को नहीं बढ़ाती है तो यह आंदोलन उग्र रूप लेगा

