छत्तीसगढ़ चिटफंड ब्रेकिंग: करोड़ों की ठगी करने वाले गुरूकृपा इन्फ्रा रियल्टी इंडिया लिमिटेड का डायरेक्टर गिरफ्तार

जशपुर, जांजगीर और रायपुर में भी फैला है कारोबार

जशपुर। जिलों में चिटफंड का कारोबार से करोड़ों रुपए की ठगी करने वाली कंपनी गुरूकृपा इन्फ्रा रियल्टी इंडिया लिमिटेड के डायरेक्टर गुरूप्रीत सिंह को पत्थलगांव पुलिस ने दुर्ग से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुरूप्रीत सिंह को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरूकृपा इन्फ्रा रियल्टी इंडिया लिमिटेड कंपनी ने पत्थलगांव में अपना कार्यालय खोल कर कम समय में भी रकम को दोगुना करने का जाल फैलाया था। इस कंपनी के लुभावने वायदों में उलझ कर अनेक लोगों ने अपने करोड़ों रुपए जमा कराए थे, लेकिन जमाकर्ताओं की राशि लौटने से पहले ही इस कार्यालय पर ताला लगाकर सभी कर्मचारी फरार हो गए थे।

इस मामले में कुमेकेला गांव के कुछ जमाकर्ताओं ने पत्थलगांव थाना में ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बताया कि चिटफंड कंपनी के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर इसके डायरेक्टर की तलाश शुरू की गई थी, जिसमें कंपनी का डायरेक्टर गुरप्रीत सिंह को दुर्ग जिले से गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि इस चिटफंड कंपनी द्वारा जशपुर, जांजगीर और रायपुर जिलों में 700 से अधिक जमाकर्ताओं से करोड़ों रुपए की ठगी की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कम्पनी की संपत्ति का पता कर उसे भी कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *