बड़ी खबर: गैस लीक होने से मकान में लगी आग, जिंदा जल गईं दो मासूम

मेरठ। यूपी के मेरठ शहर के कोतवाली क्षेत्र के खंदक बाजार स्थित मकान में रविवार देर शाम हुए दर्दनाक हादसे में दो बच्चियों की मौत हो गई। गैस लीक होने से मकान में भीषण आग लग गई और लपटों के बीच दो बच्चियां अंदर ही रह गईं। दोनों बच्चियों की झुलसने से मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सीओ कोतवाली, फायर फाइटर और दो थानों की पुलिस मौके पर दौड़ी। करीब एक घंटे मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस और फायर टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार खंदक बाजार में मस्जिद के पास संकरी गली में इदरीश का मकान है। इनके बेटे कपड़ा कारोबारी जुनैद के यहां 21 दिन पहले बेटी पैदा हुई थी। सोमवार को बेटी अलीशा के हकीका का कार्यक्रम था। इसी को लेकर परिवार और रिश्तेदार आए हुए थे। देरशाम करीब 7.30 बजे मकान में सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। आग लगते ही भगदड़ मच गई और सभी सदस्य घर से बाहर की ओर भागे। कुछ लोगों ने आग के बीच रखे सिलेंडर बाहर निकाले।

अफरातफरी में जुनैद की 21 दिन की बेटी और उसकी बहन शैला निवासी दिल्ली भजनपुरा की एक माह की बिटिया इनाज अंदर ही रह गईं। परिवार के सदस्य बाहर आए तो पता चला कि बच्चियां अंदर ही हैं। इस दौरान आग पूरे मकान में फैल गई और दोनों बच्चियों की जलने से मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *