कोरबा। डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मियों पर शराबियों के हमले का मामला सामने आया है। घटना रविवार देर रात करतला थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार , डायल-112 में तैनात कॉन्स्टेबल ईश कुमार पटेल, जयराम कंवर, राजेंद्र पटेल और सुरेंद्र कुर्रे की ड्यूटी रविवार रात मड़ई मेले में लगी थी। इसी दौरान कई युवक शराब के नशे में हुल्लड़ मचाते हुए दिखाई दिए। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें मना किया। इस पर युवक आक्रोशित हो गए और हाथापाई शुरू कर दी। इस बीच अन्य युवक भी पहुंचे और पत्थर चलाने लगे।
प्राइवेट अस्पताल में भर्ती, एक की हालत गंभीर
हमले में चालक ईश कुमार पटेल, कॉन्स्टेबल जयराम कंवर, राजेंद्र पटेल घायल हो गए हैं। इनमें ईश कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसके सिर पर चोट लगी है। किसी तरह से पुलिसकर्मियों ने वहां से भाग कर जान बचाई और कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।