ससुराल वालों से परेशान होकर महिला ने 3 महीने की बेटी को पानी की टंकी में डुबोया, हत्या को अपहरण बता पुलिस को किया गुमराह

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने पति और ससुरालवालों की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी तीन महीने की बेटी को पानी की टंकी में डुबो कर मार डाला। बच्ची को मारने के बाद महिला ने पहले इसे अपहरण का मामला बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

उसने बताया कि एक महिला उसके घर आई थी और उसे नशीला पदार्थ पिला कर बेहोश कर दिया और बच्ची को उठा ले गई। मां की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर जांच शुरू की और मामले की सच्चाई सामने आई।

यह घटना मुंबई के कालाचौकी के फेरबंदर इलाके के संघर्ष सदन इमारत की है। मां की शिकायत के बाद पुलिस ने महिला का एक स्केच भी जारी कर दिया था और एक टीम भी गठित की गई थी। इस टीम ने कई CCTV फुटेज भी खंगाले थे। लंबी जांच के बाद जब पुलिस को कुछ हाथ नहीं लगा तो गुरुवार को महिला और उसके पति को पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन बुलाया गया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ के दौरान आरोपी महिला सही से जवाब नहीं दे रही थी, इसके बाद पुलिस को संदेह हुआ और कड़ाई से पूछताछ के बाद महिला ने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *