कवर्धा/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कवर्धा में दुर्गा पूजा के दौरान दो पक्षों में हुए झंडा विवाद का मामला लगातार जोर पकड़ता जा रहा है। कवर्धा में शुक्रवार को 108 फीट ऊंचे खंभे पर धर्म ध्वजा फहराई गई। जिले में हुई हिंसा के करीब 2 महीने बाद यह धर्म ध्वजा वहीं फहराई गई है, जहां से झंडा उतारने को लेकर विवाद शुरू हुआ था।
भगवा ध्वज को लेकर निकली 2 किमी लंबी शोभा यात्रा
इससे पहले शहर में भगवा ध्वज लिए करीब 2 किमी लंबी शोभा यात्रा निकाली। इस दौरान पूरा इलाका जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा। शोभा यात्रा की अगुवाई कर रहे दंडी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि अब वातावरण बदल रहा है। शोभा यात्रा में आचार्य, सहित 13 अखाड़ों के महा मंडलेश्वर व श्री महंत भी पहुंचे हुए हैं।
बता दें कि , झंडे को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद जब हालात सुधरे तो साधु-संन्यासियों ने शहर में 108 फीट ऊंची धर्म ध्वजा फहराने का निर्णय लिया। इसको लेकर श्री शंकराचार्य जन कल्याण न्यास ने तैयारी शुरू कर दी थी। शुक्रवार को तय समय पर राम जानकी मंदिर से शोभायात्रा की शुरुआत हुई। इस यात्रा में हजारों की संख्या में हिंदू धर्मावलंबी शामिल हुए। शोभा यात्रा राजमहल चौक होते हुए वीर स्तंभ चौक और वहां से लोहारा नाका चौक पहुंची।
बहुसंख्यक आबादी को प्रताड़ित किया जा रहा
शंकराचार्य के प्रतिनिधि दंडी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि जो घटना हुई, वह सिर्फ ध्वज को उतारकर, फेंक दिए जाने से नहीं है। करीब डेढ़-दो साल से कवर्धा और उसके आसपास के क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि एक वर्ग विशेष को बढ़ावा दिया जा रहा है। बहुसंख्यक आबादी को प्रताड़ित किया जा रहा है। एक दिन में कोई चीज विस्फोट नहीं करती। धीरे-धीरे जब बढ़ता है तो विस्फोट होता है। यह घटना इसी का परिणाम है।
दोषियों को बचाया, निर्दोष को जेल में डाला
स्वामी अविमुक्तेश्वारनंद ने कहा कि घटना के बाद दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन उन्हें बचाया गया और निर्दोषों को जेल में डाला गया। लंबे समय ये लोग कैसे जेल में रहेंगे, इसका प्रयास किया गया।
उन्होंने कहा कि कानून का राज होने के कारण वह बाहर हैं। सुखचैन यादव आज भी जेल में है। जबकि, वीडियो साफ कह रहा है कि उसने रक्षा के लिए प्रयास किया। उसे सम्मानित किया जाना चाहिए, पर उसे जेल में डाला गया है।


