बिलासपुर/रायपुर। विदेश से बिलासपुर आए दो यात्रियों की जिनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट निगेटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। बता दें कि देशभर में ओमिक्रॉन वेरिएंट का खतरा बढ़ा हुआ है।?, इसको लेकर छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट जारी किए जा चुके हैं।
इस बीच यूनाइटेड किंगडम (ब्रिटेन) और मालदीव से लौटे बिलासपुर के जो दो लोग कोरोना संक्रमित मिले थे उनकी जिनोम सिक्वेंसिंग रिपोर्ट निगेटिव आई है। उनके सैंपल को जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजे गए थे। सप्ताह भर बाद यह रिपोर्ट आई है।
छत्तीसगढ़ में महामारी नियंत्रक के डायरेक्टर डॉ. सुभाष मिश्रा ने बताया, 27 नवम्बर से 10 दिसम्बर तक विदेश से 953 लोगों के छत्तीसगढ़ आने की सूचना मिली है। उनमें से अधिकतर की जांच की जा चुकी है। सभी को क्वारेंटीन किया गया है।
बिलासपुर के जिन दो लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी, उनके सैंपल को जिनोम सिक्वेंसिंग के लिए भुवनेश्वर भेजे गए थे। जांच के बाद शनिवार को उसकी रिपोर्ट मिल गई। दोनों में कोरोना का ओमिक्रॉन वेरिएंट नहीं पाया गया है।
डॉ. सुभाष मिश्रा ने कहा, अभी तक कोई खतरा नहीं दिख रहा है, लेकिन लोगों की आवाजाही को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत बढ़ गई है। उन्होंने कोरोना रोकथाम के लिए जारी दिशा निर्देशों का पालन करने, मास्क लगाने और भीड़भाड़ से बचने की बात कही है।