आयोजक दुर्गा बघेल व उनकी टीम ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थल निरीक्षण व तैयारियों के संबंध में हुई चर्चा
मुंगेली। बाबा गुरूघासी दास की जयंती 18 दिसम्बर को जिले के ग्राम मोतिमपुर (अमरटापू धाम) में गुरू पर्व मेला का आायोजन किया जा रहा है। संभावित मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आगमन को लेकर मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। इसे देखते हुए कलेक्टर अजीत वसंत और पुलिस अधीक्षक डी.आर आंचला ने आज ग्राम मोतिमपुर (अमरटापू धाम) पहुॅचकर वहां की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। स्थल निरीक्षण के दौरान मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष दुर्गा बघेल व उनकी पूरी टीम सहित सरपंच अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि इस मेले में बाबा के दर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में लोग एकत्रित होते है। उन्होने कहा कि मेला आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस संबंध में उन्होने बैठक व्यवस्था, बैरिकेटिंग, यातायात, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की और मुंगेली अनुविभाग के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को आवश्यक निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्य पालन अधिकारी श्री रोहित व्यास, संयुक्त कलेक्टर द्वय तीर्थराज अग्रवाल, नवीन भगत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
1996 से लगातार अमराटापू धाम में लगते आ रहा भव्य मेला
बता दें 1996 से अनवरत गुरुघासीदास जयंती अवसर पर 18 दिसंबर को मोतिमपुर के अमराटापू धाम में मेला आयोजित हो रहा है जिसमे अनेक मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री सहित मंत्री गण, सांसद विधायक पहुंचते रहे है।इस भव्यतम मेले में लगभग 75 हजार से भी अधिक लोगो की 18 दिसंबर को अमराटापू धाम पहुंचने का रिकॉर्ड रहा है।
पुन्नूलाल मोहले के प्रतिवर्ष आने का रहा संयोग
यह भी बताते चले 25 सालों में स्थानीय विधायक पुन्नूलाल मोहले जब प्रारंभ में विधायक बने तब से अब तक चाहे वो सांसद, छत्तीसगढ़ सरकार में मंत्री रहे इस मेले स्थल में हर साल आने का रिकॉर्ड भी रहा है। संभवतः इस बार गुरु पर्व मेले में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रभारी मंत्री रूद्र कुमार गुरु,नगरीय प्रशासन मंत्री शिवकुमार डहरिया सहित अन्य मंत्रियों, संसदीय सचिव, विधायक व स्थानीय जिले के जनप्रतिनिधियों के उपस्थिति संभावित रूप से मानी जा रही है।
