26 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल व आंगनबाड़ी

मुंगेली: राज्य शासन द्वारा मुंगेली में चार प्रतिशत और उससे अधिक कोविड पाजिटिविटी दर वाले स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, प्ले स्कूल का संचालन बंद किए जाने के संबंध में जिला कलेक्टर को निर्णय लेने के लिए अधिकृत किया गया है।

इसके परिपालन में कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के विकासखंड मुंगेली में कोविड पाजिटिविटी दर चार प्रतिशत से अधिक होने पर विकासखंड मुंगेली में संचालित समस्त शासकीय,अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी एवं मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को 19 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश थे। लेकिन 19 जनवरी के बाद तक पाजिटिविटी दर में कमी नहीं आई। इसे देखते हुए कलेक्टर वसंत ने विकासखंड मुंगेली के शासकीय, अशासकीय एवं अनुदान प्राप्त विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों और जवाहर नवोदय विद्यालय, बालक एवं बालिका छात्रावास को अब 26 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए है।

पूर्व की भांति आनलाइन कक्षाओं का संचालन तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में सभी श्रेणी के पात्र हितग्राहियों को प्रावधान अनुसार रेडी टू ईट का वितरण, गर्भवती माताओं एवं तीन से छह वर्ष के बच्चों को टिफीन के माध्यम से गरम भोजन यथावत प्रदान करने, मुख्यमंत्री सुपोषण अभियान के अंतर्गत जिला स्तर पर निर्धारित मीनू अनुसार गरम भोजन एवं पोषण सामग्री का वितरण यथावत करने, गृह भेंट के माध्यम से स्वास्थ्य एवं पोषण शिक्षा तथा सजग अभियान अंतर्गत इसीसीइ गतिविधियां जारी रखने सहित समय-समय पर शासन द्वारा कोविड 19 कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जारी निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *