छात्रा को अगवा कर किया दुष्कर्म 3 माह से थी गायब

बिलासपुर: 10वीं में पढ़ने वाली छात्रा को अगवाकर उससे दुष्कर्म किया गया। पुलिस की टीमें बनाकर मध्य प्रदेश तक लड़की की तलाश की जा रही थी, लेकिन आरोपी ने उसे पुलिस की नाक के नीचे ही बंधक बना रखा था। थाने से महज 5 किमी दूर लड़की को एक मकान से बरामद किया गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

पुलिस ने इस मामले में सरकंडा के माता चौरा के पास रहने वाले अविनाश साहू (22) को गिरफ्तार किया है। छात्रा करीब तीन माह पहले गायब हो गई थी। परिजन ने उसकी सहेली और परिचितों के यहां जानकारी जुटाई, लेकिन छात्रा नहीं मिली। तब उन्होंने थाने में सूचना दी। इसके बाद पुलिस उसे रतनपुर, लोरमी व मध्यप्रदेश में उनकी तलाश करती रही। साइबर सेल की भी मदद ली गई।

पुलिस को खबर मिली थी कि छात्रा को मध्यप्रदेश में देखा गया है। लिहाजा, टीम बनाकर उसकी तलाश के लिए भेजा गया। बाद में पता चला कि जिस लड़की को बताया गया है। वहां कोई और थी। छात्रा की लगातार लोकेशन बदल रही थी। रतनपुर में भी उसे देखे जाने की सूचना मिली, तब पुलिस वहां भी उसकी तलाश कर रही थी। बाद में लोरमी क्षेत्र में उसका लोकेशन मिला। तब पुलिस लोरमी के आसपास के क्षेत्रों में भी उसे ढूंढती रही।

सरकंडा में मिले आरोपी युवक व छात्रा

टीआई शनिप रात्रे ने बताया कि लगातार प्रयास के बाद भी छात्रा नहीं मिली। तब संदेही युवक की जानकारी जुटाई गई। जांच में पता चला अविनाश साहू भी लंबे समय से गायब है। इस पर पुलिस ने उसके परिजन से पूछताछ की। तब पता चला कि अविनाश सरकंडा के बंधवापारा में ही अलग से मकान लेकर किराए पर रह रहा है। खबर मिलते ही पुलिस ने दबिश दी और उसे पकड़ लिया। उसके साथ छात्रा भी मिल गई। पुलिस ने धारा 376 और पाक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *