नशे का अवैध कारोबार करने वाले अपराधी चढ़े पुलिस के हत्थे पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने की कार्यवाही

बिलासपुर :न्यायधानी बिलासपुर में नशे का अवैध कारोबार नहीं थम रहा है। पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से बड़ी मात्रा में नशीली दवाइयां जब्त की गई है।

दरअसल नशे का सौदागर युवक व उसकी मां जेल गया तब उसकी पत्नी यह कारोबार में शामिल हो गई। नशे का सामान ट्रांसपोर्ट के जरिए MP के कटनी और शहडोल से लाकर खपाया जा रहा है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

सिविल लाइन क्षेत्र के मिनीबस्ती क्षेत्र में रहने वाली एक महिला जुगनू बाई कुर्रे और उसके बेटे आकाश कुर्रे को कुछ माह पहले पुलिस ने नशीली इंजेक्शन,टेबलेट व कोडिनयुक्त प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ गिरफ्तार किया गया था। अभी दोनों जेल में है।

उनके जेल जाने के बाद आकाश की पत्नी पल्लवी जांगड़े (22 साल) ने नशे के इस अवैध कारोबार को संभाल लिया। वह मोहल्ले के नाबालिग लड़के की मदद से नशे का सामान बेचने लगी। मंगलवार की रात पुलिस ने दबिश देकर उनकी पास से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और टेबलेट जब्त किया है।

पुलिस अफसरों ने बताया कि जरहाभाठा मिनी बस्ती निवासी संजू टंडन पिता बुंदरू टंडन (26) अपनी नाबालिग प्रेमिका के साथ मिलकर नशे का कारोबार कर रहा था। पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार किया है।

ढाई लाख रुपए का है नशे का सामान

एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने बताया कि पुलिस ने नशे के कारोबार करने वाले आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई की गई है। एक मामले में एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों से 455 रेक्सोजेसिक इंजेक्शन, 308 बुप्रेन्रोफिन इंजेक्शन, 8000 नाइट्रा टेबलेट के साथ ही 27 हजार रुपए बिक्री रकम, दो मोबाइल समेत एक लाख 27 हजार से अधिक का माल जब्त किया गया है।


इसी तरह दूसरी कार्रवाई में दो नाबालिग आरोपियों से 1173 बुप्रेन्रोफिन इंजेक्शन, 650 एविल इंजेक्शन, आइफोन सहित एक लाख 14 हजार से अधिक का सामान जब्त किया गया है।

पुलिस की जांच में पता चला है कि नशे का अवैध कारोबार करने वाला यह गिरोह मध्यप्रदेश के कटनी और शहडोल से नशे का सामान मंगाते हैं। वहां से ट्रांसपोर्ट या फिर कुरियर के माध्यम से मॉल बिलासपुर भेजा जाता है।

जिसे तस्कर यहां से उठा लेते हैं। पुलिस अफसरों का कहना है कि दवाइयों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर नशे का सामान सप्लाई करने वालों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *