बिलासपुर: शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर ऑटो चालक पत्नी को जान से मारने के लिए कास्टिक सोडा (एसिड) पिलाने वाले पति को सरकंडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला ऑटो चलाकर घर लौट रही थी, तभी रास्ते में उसका पति जबरदस्ती बैठ गया और उससे रुपयों की मांग करने लगा।
पत्नी के मना करने पर पति ने बोतल में रखे कास्टिक सोडा को जबरन पिला दिया। फिर उसे घर ले जाकर छोड़ दिया। इस दौरान पत्नी सिम्स अस्पताल में इलाज करा रही थी। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम चिल्हाटी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहने वाली आशिकी ध्रुव (28 साल) ऑटो चलाकर अपना गुजारा करती है। आठ-दस साल पहले उसकी शादी तोरवा के देवरीडीह निवासी विष्णु ध्रुव से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं।
पत्नी के तड़फने लगी तो सिम्स में छोड़कर भागा
एसिड पिलाने से महिला का गला जलने लगा और वह तड़पने लगी। तब विष्णु उसे ऑटो में लेकर उसके घर गया और छोड़कर भाग गया। इस दौरान महिला को तड़पते देखकर उसकी मां और परिजन ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में एक सप्ताह तक वह भर्ती रही। छुट्टी होने के बाद वह शुक्रवार को थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। उसकी रिपोर्ट पर सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपी पति पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।