मुंगेली: प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा लोकतांत्रिक विरोधों को दबाने के लिए जारी की गई 19 बिंदुओं के आदेश के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन कर जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। मुंगेली जिला में पूर्वमंत्री एवं विधायक पुन्नूलाल मोहले तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में करही स्थित पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला भाजपा अध्यक्ष शैलेश पाठक ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि भूपेश बघेल सरकार विकास में नाकाम होने के बाद प्रदेश की जनता के लोकतांत्रिक विरोधों को दबाने एक 19 बिंदुओं का काला आदेश जारी किया है जो जनता की मौलिक अधिकारों का भी हनन करती है। इसके अतिरिक्त आयोजकों से हलफनामा लिये जाने की बाध्यता आपत्तिजनक व असंवैधानिक है। अतः भारतीय जनता पार्टी जिले के सभी 9 मण्डलों के कार्यकर्ताओं व आम जनता के साथ 16 मई को अपरान्ह 3 बजे करही पेट्रोल पंप के पास धरना प्रदर्शन कर गिरफ्तारी देगी।