जल आवर्धन योजना फेल आम जनता को हो रही परेशानी,विपक्ष और सत्ता पक्ष आमने सामने

कोरिया : कोरिया जिले के चिरमिरी शहर में पानी की किल्लत से आमलोग खासे परेशान है। खासकर वार्ड नंबर 9 के लोगों को पीने के पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सालो से ये समस्या बरकरार है मगर लोगो की तकलीफ पर गौर करने वाला कोई नही है।भीषण गर्मी में लोगों को पेयजल के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। चिरमिरी के वार्ड नंबर 9 के रहवासियों को पानी के लिए लंबी दूर तय करनी पड़ती है।

क्षेत्र में पानी की आपूर्ति के लिए साल 2010 में 34 करोड़ रुपए स्वीकृत हुआ था। जो अब बढ़कर 50 करोड़ रुपए हो गया है। लाखो खर्च कर इलाके में ओव्हर हैंड टैंक का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन पाईपलाईन का विस्तार अधर में लटक गया है। जिसके कारण लोगो को पीने के पानी के लिए मोहताज होना पड़ रहा है।

समस्या को लेकर क्षेत्रीय विधायक डाॅ.विनय जासवाल ने कहा,कि लोगों को राहत पहुंचाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। रही बात जल आवर्धन योजना की तो भाजपा शासनकाल में आई इस योजना में जमकर भ्रष्टाचार हुआ है यही वजह है,कि ये अहम योजना कागजों में सिमट कर रह गई है। हालाकि कांग्रेस सरकार द्वारा योजना को अमलीजामा पहनाने का प्रयास किया जा रहा है।

मामले में पूर्व विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि जल आवर्धन योजना के तहत हमने 44 करोड रुपए की लागत से चिरमिरी क्षेत्र में ओवरहेड टैंक बनाया है। चिरमिरी क्षेत्र में घर-घर पानी पहुंचाने का काम नगर निगम को करना था जो आज तक पूरा नहीं हुआ है। 10 करोड़ की लागत से डिसटीब्यूशन का काम करना था,लेकिन निगम में हुए भ्रष्टाचार के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

निगम की महापौर ने पानी की समस्या को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा,कि लोगों की समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है,जो जल्द पूरा हो जाएगा।

विपक्ष का आरोप है,कि योजना के पूर्ण नहीं होने के बाद भी जल्दबाजी में कांग्रेस पार्टी ने सीएम से लोकार्पण करवा दिया और अब लोगों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बहरहाल देखना होगा कि पानी की समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *