बीजापुर-सुकमा में गांवों से संपर्क टूटा,शबरी, इंद्रावती और मिंगाचल नदी उफान पर

​​​​​​​रायपुर/बीजापुर/धमतरी :दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर सहित आपपास के जिलों में भारी बारिश का सिलसिला कई दिनों से जारी है। लगातार हो रही बारिश से बीजापुर, कांकेर और सुकमा में गांवों से संपर्क टूट गया है। वहीं धमतरी में बारिश का पानी सड़क से लेकर थाने तक में भर गया है। इस दौरान एक वृद्ध भी बरसाती नाले में बह गया। दूसरी ओर आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की बारिश से गोदावरी उफान पर है। जिसकी से अब शबरी नदी का जल स्तर बढ़ रहा है।

इंद्रावती नदी जलस्तर खतरे के निशान के करीब

शहर से निकलने वाली हर सड़कें पानी में डूबी हुई हैं। इंद्रावती नदी का जल स्तर बढ़ने से आस-पास के गांव डूबने की स्थिति में पहुंच गए हैं। नदी पार लोगों को राशन की समस्या से जूझना पड़ रहा है।वहीं मिंगाचल नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है। वहीं कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है।

धमतरी में बुजुर्ग नाले में बहा

धमतरी में तेज बारिश के कारण बरसाती नाले उफान पर हैं, इसके बाद भी लोग पार कर रहे हैं। एक वृद्ध ऐसे ही नाले को पार करने के दौरान बह गया। कुकरेल-बांसपारा में एक व्यक्ति के नाले में बह जाने की खबर है। देर रात बनबगौद में उफनते नाले को परिवार पार कर रहा था। तभी परिवार का मुखिया जयपाल तेज बहाव में बह गया। उसकी तलाश में प्रशासन की टीम जुटी हुई है।

नगर सैनिक गोताखोरों की टीम लगा दी गई है। उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने की प्रशासन ने अपील की है, इसके बावजूद लोग अपने जान को खतरे में डालकर नदी नाले पार कर रहे हैं।

हाईवे NH-30 दो दिन से बंद, वाहनों की लंबी लाइन

छत्तीसगढ़ को आंध्र प्रदेश से जोड़ने वाले NH-30 पर कोंटा से भद्राचलम की ओर जाम लग गया है। मूसलाधार बारिश से गोदावरी नदी में जल स्तर लगातार बढ़ रहा है। गोदावरी के उफान से शबरी नदी में जल स्तर बढ़ कर चेतावनी के 13.5 स्तर तक पहुंच गया है। शबरी नदी के बढ़ते जल स्तर को देखते हुए सुकमा के जिला कलेक्टर हरीश एस ने अफसरों को अलर्ट मोड़ पर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *