जांजगीर-चाम्पा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चाम्पा जिले में लगभग दर्जनभर असामाजिक तत्वों एक गाय के मुंह पर बोरी बांधकर मोटे डंडे से जमकर पीटा। इतने पर भी उनका मन नहीं भरा तो उन्होंने पुल के ऊपर ले जाकर गाय को जिंदा ही सोन नदी के उफनते पानी में फेंक दिया।
घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। आज इस घटना का वीडियो वायरल होने पर गांव भाजपा युवा मोर्चे से कुछ लोगों ने हसौद थाने में वीडियो सौंपकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन लोगों के के खिलाफ नामजद और अज्ञात 12 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज़ कर लिया है।
हसौद थाना क्षेत्र के लालमाटी गांव की यह घटना बताई गई है। FIR दर्ज करने के बाद पुलिस इन बदमाशों की तलाश में जुटी है। लेकिन आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी हो पाई या नहीं इसकी जानकारी नहीं मिल पाई हैा
शिकायतकर्ताओं ने लालमाटी निवासी राहुल खुंटे, कमलकिशोर खुंटे, किरन जाटवर और कुलदीप का नाम शिकायत पत्र में लिखा है। पुलिस ने इस मामले में धारा 429 व कृषक पशु संरक्षण अधिनियम 4, 10 व पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की ध्ाारा 11 के तहत कमल किशोर खुंटे, राहुल खुंटे और किरन जाटवर तथा अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। इस मामले में हसौद थाना प्रभारी योगेश पटेल का कहना है कि तीन लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। टीम गांव भी गई थी आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।