बिलासपुर – बिलासपुर आए दिन होने वाली मारपीट, गुंडागर्दी और प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री के लिए कुख्यात “भूगोल” बार के संचालक और बॉउंसरों द्वारा मारपीट करने की एक और घटना सामने आई है।
ट्रेवल्स का काम करने वाले विशाल मसीह ने गुरुवार देर रात सिविल लाईन थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि रात तकरीबन साढ़े दस बजे वो अपने दो दोस्तों राहुल सोनवानी और दीपक सारथी के साथ “भूगोल” बार गया था।
बार के एंट्री गेट पर एंट्री चार्ज को लेकर कुछ विवाद हुआ और इस ज़रा सी बात पर बार के बाउंसरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि इस विवाद में “भूगोल” बार का संचालक अंकित अग्रवाल और अनिरुद्ध अग्रवाल भी शामिल हो गए और उसे गंदी गंदी गालियां देते हुए मारपीट करने लगे।
पीड़ित ने बताया कि अंकित अग्रवाल, अनिरुद्ध अग्रवाल और बॉउंसरों ने उसे बेसबॉल बैट, हाँकी स्टिक और लात घूँसों से बुरी तरह पीटा है। FIR में दर्ज जानकारी के अनुसार पीड़ित को सिर, हाथ, जांघ व पीठ में चोट आई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अंकित अग्रवाल, अनिरुद्ध अग्रवाल और बॉउंसर के खिलाफ़ भारतीय दण्ड विधान की धारा 294, 323, 506, 34 के तहत मामूली ज़मानती धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।