रायगढ/सारंगढ़। सारंगढ़ कालेज मैदान में एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक महिला की उम्र करीब 30-32 साल बताई जा रही है। महिला की पहचान के लिए पुलिस ने शव की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के सारंगढ़ थाना क्षेत्र के कॉलेज खेल मैदान में एक अज्ञात विवाहित महिला की (उम्र करीब 30 से 32 साल) संदिग्ध हालत में लाश मिली है। पुलिस ने आस-पास के गांव के लोगों के जरिये पहचान की कोशिश की पर किसी तरह की पहचान न होने पर शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिये भेजवाया है।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मृतिका को देखने से हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। जमीन पर भीगे पड़े शव को देखने से लग रहा है कि युवती की हत्या कर यहां फेंका गया है। सारंगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अज्ञात महिला के बारे में यदि कोई भी जानकारी हो तो तत्काल सारंगढ़ पुलिस को अवगत कराएं।