प्रदेश सरकार को रोशनी दिखाने सड़क पर मशाल लेकर निकली BJP नेत्रियां, पुरंदेश्वरी बोलीं- सीएम भूपेश जनता से सिर्फ झूठ बोलते हैं

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की नेत्रियों ने मंगलवार को राजधानी रायपुर में मशाल रैली निकाली। महिलाओं ने मशाल रैली के दौरान प्रदेश की सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। महिलाओं ने भूपेश सरकार के झूठ के विरोध में भाजयुमो द्वारा सीएम हाउस घेराव को समर्थन करने और झूठ के अंधकार से बाहर निकाल कर भूपेश बघेल को सच की रोशनी दिखाने एकात्म परिसर से जयस्तंभ चौक तक मशाल रैली निकाली। रैली में भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर सांसद सुनील सोनी, जिला अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा संतोष शामिल हुईं।

भाजपा की प्रदेश प्रभारी प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी ने कहा, लगता है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को श्राप मिला है कि अगर वह सच बोलेंगे तो उनके सिर के टुकड़े-टुकड़े हो जाएंगे। तभी वे घोषणा पत्र में किए वादों को लेकर लगातार जनता से झूठ बोलते हैं। जन घोषणा पत्र के किसी वादों को सरकार ने पूरा नहीं किया है। युवाओं को रोजगार और बेरोजगारी भत्ता तक नहीं दिया।

युवा मोर्चा का 2003 का आंदोलन इतिहास दोहराएगा

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अंतिम व्यक्ति के विकास के लिए, उन तक शासन का लाभ पहुंचाने छत्तीसगढ़ राज्य बनाया। भूपेश सरकार प्रदेश के युवा, महिला, कर्मचारी व आम जनता से ही नहीं, अंतिम छोर पर खड़े वंचित व्यक्ति से भी धोखाधड़ी कर रही है। जनता को आज तक 2000 से 2003 के कांग्रेस के प्रथम शासनकाल का आतंक याद है। उस समय कांग्रेस सरकार के आतंक से जनता को मुक्ति दिलाने युवा मोर्चा का एक विशाल आंदोलन हुआ था और जनता ने उस सरकार को सबक सिखाया था, जिसमें भूपेश बघेल मंत्री थे। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल को 2003 की प्रदर्शन को याद कर लेना चाहिए। 24 अगस्त को भारतीय जनता युवा मोर्चा का आंदोलन इतिहास दोहराएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *