NIA ने 94 फीसदी अपराध सुलझाने में सफलता पाई है: अमित शाह, गृहमंत्री ने किया NIA की नई बिल्डिंग का उद्घाटन, भूपेश बघेल ने कहा- झीरम की जांच अधूरी

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शनिवार को नवा रायपुर में NIA (नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी) की नई बिल्डिंग का उद्घाटन किया। उन्होंने नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के काम की जमकर तारीफ की और कहा कि चुनाव से पहले देश के सभी राज्यों में NIA की ब्रांच होगी।

NIA भवन के उद्घाटन के समय अमित शाह के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। वे रिबन कटिंग के वक्त बिलकुल उनके साथ खड़े हुए। इसके बाद मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव भी थे। स्वागत के बाद संबोधन की शुरूआत हुई।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, यह भव्य भवन एनआईए की बढ़ती साख और दबदबे का प्रतीक है। एनआईए की स्थापना का समय लंबा नहीं है। किसी भी एजेंसी को उभरने, साख बनाने और परिणाम लाने में लंबा समय जाता है। एनआईए ने अल्प समय में ही काम में बेंचमार्क स्थापित किया है। यह देश के लिए गौरव की बात है।

शाह ने कहा, दोष सिद्धि के मामले में एजेंसी ने गोल्ड मानक स्थापित किये हैं। यह 94% है। ऐसे मामलों में जहां षड्यंत्र देश के बाहर होते हैं और घटना यहां होती है। उसके बाद भी षड्यंत्र का पूरा जाला खोलकर निकालना और नष्ट करने में इस एजेंसी ने विशेषज्ञता हासिल कर ली है। इसको पिछले तीन साल में एक फेडरल क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी बनाने का भरसक प्रयास किया है।

शााह ने कहा, विगत वर्षों में 10 राज्यों में एनआईए ने अपने काम का विस्तार किया है। तीन साल में 18 राज्यों में अपनी पहुंच को मजबूत कर लिया है। वहां ब्रांचेज खोले गए हैं। देश में नए चुनाव आने से पहले देश के सभी राज्यों में एनआईए की ब्रांच होगी। उन्होंने कहा 370 हटने के बाद कश्मीर में शांति दिखाई देती है। आतंकी गतिविधियां कम हुई हैं। वहां हमारा वर्चस्व दिखाई देता है। उसकी वजह है टेरर फंडिंग पर कार्रवाई। वामपंथी उग्रवाद का मूल नष्ट करने का काम मोदी सरकार ने किया है। 2021 में केवल 509 घटनाएं हुईं। अब सिर्फ 86 जिलों में माओवादी घटनाएं रिपोर्ट हो रही है। पहले यह जिले 120 थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *