नये जिले सारंगढ बिलाईगढ़ के लिए जारी कार्य विभाजन आदेश कलेक्टर ने किया निरस्त

• भीड़ कौन लाएगा, नारे क्या लगाए जाएँगे आदेश में तय किया गया था

• एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी

• विपक्षी दलों को मिला मौका और फजीहत का सबब बन रहा था आदेश

रायपुर/रायगढ़। प्रस्तावित सारंगढ बिलाईगढ़ ज़िले के उद्घाटन समारोह के लिए बिलाईगढ़ के एसडीएम की ओर से जारी विवादित कार्य विभाजन आदेश को ना केवल रद्द किया गया है, बल्कि इसे जारी करने वाले एसडीएम को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। विवादित कार्य विभाजन आदेश ने विपक्ष को हमलावर कर दिया था।

आदेश में आखिर ऐसा क्या था…

बिलाईगढ़ के एसडीएम की ओर से जारी कार्य विभाजन आदेश में भीड़ कौन लाएगा, नारे क्या लगाए जाएँगे इसे तय किया गया था। 5000 लोगों के खाने का इंतज़ाम भी विभागों के हवाले किया गया था। चावल दाल के लिए खाद्य विभाग को राइस मिलर से व्यवस्था करने, सब्ज़ी महिला बाल विकास विभाग से करने, गंज झारा थाली बीईओ से करने,जबकि तेल,मिर्च,हल्दी, नमक, मसाला, प्याज़ आलू लहसुन जीरा से लेकर बर्तन धोने वाले पॉवडर और ब्रश की जवाबदेही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी जबकि खाद्य और राजस्व को यह ज़िम्मा भी लिखा गया था कि, वह राशन दुकान संचालकों और क्रेशर संचालकों की शत प्रतिशत उपस्थिति रोड शो में रखे। बड़े आयोजनों में कार्य विभाजन होते हैं पर उसका ऐसा ब्यौरा अमूमन दर्ज नहीं होता, जैसा कि इस आदेश में था। ज़ाहिर है आदेश की कॉपी वायरल हो गई और सूबे में विपक्ष को बैठे बिठाए हमलावर होने का मौक़ा मिल गया।

पूर्व मंत्री, वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि “जब पैसे जेब में ना हों तो उधार के पैसे से घी पीने का काम ज़्यादा लंबे समय तक नहीं चलता है”।

इसके अलावा भाजपा के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर इस आदेश की कॉपी डाली और जमकर सियासती तीर छोड़े। ज़ाहिर है प्रशासन तंत्र के ही हिस्से से हुई इस लापरवाही से सरकार को नाराज़ होना था और सरकार नाराज़ हुई भी।

आदेश रद्द, कारण बताओ नोटिस जारी

सारंगढ बिलाईगढ़ ज़िला रायगढ और बलौदाबाजार-भाटापारा से टूटकर बन रहा है। बिलाईगढ़ बलौदाबाजार-भाटापारा का हिस्सा है, जबकि सारंगढ रायगढ का हिस्सा है। आदेश बिलाईगढ़ के एसडीएम की ओर से जारी हुआ था, लिहाज़ा कलेक्टर रजत बंसल ने उस कार्यविभाजन आदेश को निरस्त किया।

कलेक्टर रजत बंसल ने बताया कि “आदेश निरस्त कर दिया गया है, आदेश जारी करने वाले एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जवाब मिलने के बाद आगामी कार्यवाही पर निर्णय लिया जाएगा”।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *