बारिश से कमजोर हुई दीवार ढही, खेल रहे एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत

कोरबा। तेज वर्षा के दौरान एक मकान की दीवार भरभरा कर गिरने से उसके नजदीक में ही खेल रहे चार बच्चे में तीन मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। जिन बच्‍चों की मौत हुई वो सगे भाई थे। घटना के वक्त घर पर कोई नहीं था।

पाली थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम राहा-सपलवा निवासी बसंत यादव के घर की दीवार में दरार आ गई थी। लगातार हो रही बारिश की वजह से दीवार भरभराकर गिरी गई, उस वक्त बसंत के चार बच्चे खेल रहे थे, उनमें तीन रूपेश यादव आठ साल, रितेश यादव छह साल व रूकेश यादव चार साल मलबे में दब गए। सबसे बड़ा बेटा मलबे की चपेट में आने से बच गया।

घटना के वक्त बसंत यादव व उसकी पत्नी दोनों गांव में ही किसी अन्य स्थान पर थे। बड़ा बेटा भाग कर वहां पहुंचा और इस घटना की सूचना उन्हें दी। मौके पर स्वजन व ग्रामीण पहुंचे और मलबा हटा कर किसी तरह बच्चों को बाहर निकाले। तब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी थी। एक की सांसे चल रही थी, उसे पानी पिलाने का प्रयास किया गया, पर अंतत: उसने भी दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने पर चैतमा पुलिस सहायता केंद्र से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजी। पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार को शव अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंपा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *