मुंगेली। नौ दिन नवरात्रि पर्व उपरांत मां दुर्गा के विसर्जन एवं मुंगेली शहर में झांकी देखने लोगो की भीड़ उमड़ पड़ी। विसर्जन झांकी को देखने के लिए शहर के लोगों में खासा उत्साह व उमंग नजर आया। विसर्जन के लिए निकली समितियों के सदस्य डीजे, धुमाल, बैंड और ढोल-ताशे की आवाज में झूमते रहे। जैसे-जैसे रात हुई, नागवासुकि, गरुणजी की प्रतिमाएं और मनमोहक झांकियां देखने के लिए लोगों का उत्साह बढ़ता गया। रात होते ही शहर के हदयस्थल पड़ाव चौक से माता परमेश्वरी चौक होते हुए दाऊपारा से सुर्रीघाट दुर्गा विसर्जन के लिए पहुँची। वहीं, रात 11 बजे से धुमाल, डीजे, बैंड बाजे की धुन पर झांकियों व मां दुर्गा प्रतिमा की विसर्जन झांकी की शुरुआत हुई।
कृषि उपज मंडी से सभी दुर्गोत्सव समितियों की झांकियां व मां दुर्गा की प्रतिमाएं बारी-बारी से निकलने का सिलसिला शुरू हुआ। ऐसे में माँ काली की जीवित झांकी सहित अन्य झांकियों को देखने के लिए श्रद्धालु देररात तक जागते रहे। माता की मनमोहक व आकर्षक प्रतिमाओं की आरती व स्वागत कर सभी ने माता का आशीर्वाद लिया। कृषि उपज मंडी से विसर्जन झांकी की शुरुआत हुई जो सुर्रीघाट पहुंचकर समाप्त हुई। इसके बाद माता की प्रतिमाओं का विसर्जन विधि-विधान से किया गया।
प्रमुख दुर्गोत्सव समितियों द्वारा जीवंत व चलित झांकी का प्रदर्शन किया गया। बाजे-गाजे के साथ रंगीन लाइट व सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। झांकियों को देखकर लोग भाव-विभोर हुए। विभिन्न समाज के लोगों द्वारा स्वागत मंच से फूलों की वर्षा कर भव्य स्वागत किया ।
मुंगेली जिले के हदयस्थल पड़ाव चौक में स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी, धर्म सेना, देवांगन समाज, सोनकर समाज, केशरवानी समाज, मेरी आवाज, आगर स्पोर्ट्स क्लब, कांग्रेस पार्टी, टेंट व्यवसायिक संघ, करणी सेना, यादव समाज, स्वर्णकार समाज और डेफोडिल्स यूथ एजुकेशन वेलफेयर सोसायटी सहित अन्य समाज द्वारा स्वागत मंच से फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।
इस दौरान मुंगेली विधायक पुन्नू लाल मोहले ने नगर भ्रमण करते हुए माता परमेश्वरी चौक पहुँची। विधायक मोहले का देवांगन समाज द्वारा आत्मीय स्वागत किया। इस पर विधायक मोहले ने जिलेवासियों को बधाई व शुभकामनाएं दिया। नगर पालिका परिषद मुंगेली के अध्यक्ष गुरु हेमेन्द्र गोस्वामी ने भी नगर भ्रमण करते हुए माता परमेश्वरी चौक पहुँचे जहाँ देवांगन समाज के युवाओं की टीम द्वारा अध्यक्ष गुरु गोस्वामी का फूलो की वर्षा व माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया। इस पर अध्यक्ष हेमेंद्र गोस्वामी ने जिलेवासियों को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुंगेलीवासी हमेशा मुंगेली के सुख-दुःख में उनके साथ देते है।
उन्होंने सभी दुर्गा उत्सव समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान समाज के जिलाध्यक्ष आनंद देवांगन ने जिले के लोगो के प्रति आभार व्यक्त करते हुए दुर्गा उत्सव समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर बड़ी सँख्या में देवांगन समाज की युवक्ति व महिलाएं भी मौजूद थी।