Home छत्तीसगढ़ पद्मश्री उषा बारले बीजेपी में शामिल…

पद्मश्री उषा बारले बीजेपी में शामिल…

215
0

गृहमंत्री अमित शाह ने की थी मुलाकात

रायपुर/दुर्ग। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया की मौजूदगी में सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं पद्मश्री अलंकरण से सम्मानित उषा बारले ने गुरुवार को भाजपा प्रवेश किया। जिला भाजपा कार्यालय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में पद्मश्री उषा बारले को भगवा गमछा पहनाकर भाजपा में प्रवेश दिलाया गया। इसके अलावा पाटन विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता व जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मेहत्तर वर्मा ने भी भाजपा प्रवेश किया। बता दें कि कुछ महीने पहले दुर्ग प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने पद्मश्री उषा बारले से उसके भिलाई स्थित निवास में पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी। इसके बाद से उषा बारले के भाजपा में प्रवेश की अटकलें लगाई जा रही थी।

गुरुवार को दुर्ग प्रवास पर जिला भाजपा कार्यालय पहुंचे केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने दुर्ग जिला समन्वय समिति की बैठक ली। इसके बाद केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों से चर्चा की। अंत में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा का भाव रखकर भाजपा और उसके कार्यकर्ता काम करते हैं, ऐसे संस्कारों वाला देश में कोई दूसरा राजनीतिक दल नहीं है। उन्होंने कहा कि टिकट किसी को भी मिले भाजपा को जीताने के लिए काम करना है। भाजपा कार्यकर्ता यदि ठान लें कि मुझे मेरी पार्टी को जीताना है तो कांग्रेस और भूपेश बघेल तो क्या दुनिया की कोई ताकत भाजपा को हरा नहीं सकती।

कार्यक्रम को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यभ सरोज पांडेय और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल ने भी संबोधित किया। स्वागत भाषण जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने दिया। इसके पहले उतई टेम्पो स्टैंड पर जिला भाजपा महिला मोर्चा द्वारा रक्षाबंधन पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में भी केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हुए। यहां भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी व सदस्यों ने ई-रिक्शा चालकों को राखी बांधी।

बैठक में मंचासीनों में केंद्रीय मंत्री केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, राष्ट्रीय भाजपा उपाध्यक्ष डॉ सुश्री सरोज पांडे लोकसभा सांसद एवं पाटन विधानसभा प्रत्याशी विजय बघेल, भाजपा प्रदेश महामंत्री विजय शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य श्रीमती उषा टावरी, श्रीमती चंद्रिका चंद्राकर, रविशंकर सिंह, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, डोमनलाल कोरसेवाड़ा, लाभचंद बाफना शामिल रहे। बैठक में उपस्थित जनों में जिला समन्वय समिति के सदस्य, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मोर्चा व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here