सावन का पवित्र महीना बस शुरू ही होने वाला है। भगवान शिव के इस प्रिय महीने में उनके भक्त तरह-तरह से उन्हें प्रसन्न करने के लिए पूजा-अर्चना करते हैं। कहा जाता है कि सावन में भोलेनाथ स्वयं पृथ्वी पर अपने भक्तों की सभी मनोकामनाओं को पूरा करने आते हैं। ऐसे में उन्हें मनाने के लिए उनके भक्त कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। अब भोलेनाथ की पूजा के लिए घर का मंदिर तो सजाना बनता है। हमेशा की तरह नहीं बल्कि थोड़े से अलग अंदाज में। जी हां आज हम आपको भोलेनाथ की पसंदीदा चीजों से घर के मंदिर को सजाने का तरीका बताने वाले हैं। तो चलिए जानते हैं ओर इस सावन शिवजी को मानने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।
भगवान शिव के पसंदीदा रंगों से सजाएं घर का मंदिर
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव को सफेद, पीला, लाल, हरा और नारंगी रंग बेहद पसंद है। सावन के महीने में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए आप अपने घर के मंदिर को भगवान शिव के पसंदीदा इन रंगों से सजा सकते हैं। इसके लिए आप मंदिर की दीवारों को सफेद या हल्के हरे रंग में रंगवा सकते हैं। भगवान शिव के पसंदीदा सभी रंगों के कॉन्बिनेशन में तैयार प्लेटेड पर्दे को मंदिर के दरवाजे पर सजा सकते हैं। इसके साथ ही मंदिर की अलमारी पर बिछाए जाने वाले पेपर को भी भगवान शिव के पसंदीदा रंगों में सिलेक्ट कर सकते हैं।
दरवाजे पर सजाएं शिवजी से जुड़ी लटकन
सावन का पूरा महीना भगवान शिव को ही समर्पित होता है। इस पवित्र महीने में भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए आप अपने मंदिर के दरवाजों पर शिवजी से जुड़े हुए लटकन लगा सकते हैं। जैसा कि सब जानते हैं भगवान शिव के हाथों में त्रिशूल और डमरू विराजमान है। ऐसे में आप छोटे-छोटे डमरू और त्रिशूल से बने खूबसूरत लटकन को मंदिर के दरवाजे पर लटका सकते हैं। इसके अलावा रुद्राक्ष भी शिवजी को अत्यंत प्रिय है। आप रुद्राक्ष की माला को भी अपने मंदिर में रख सकते हैं।
दीवारों के लिए चुनें शिवजी से जुड़ी पेंटिंग्स
सावन के महीने में मंदिर की दीवारों को सजाने के लिए आप शिवजी से जुड़ी पेंटिंग स्टीकर चुन सकते हैं। मंदिर की एक दीवार पर आप ‘ॐ’ का पेंटिंग स्टीकर लगा सकते है। यह देखने में तो खूबसूरत लगता ही है, इसके साथ ही ये मन और आंखों को सुकून भी देता है। आप शिवजी के पूरे परिवार की एक बड़ी सी पेंटिंग से भी अपने मंदिर को डेकोरेट कर सकते हैं। यह पेंटिंग बहुत शुभ मानी जाती है।
शिवजी के पसंदीदा फूलों का करें इस्तेमाल
शिवजी को पारिजात यानी हरसिंगार का फूल, धतूरे का फल और मदार का सफेद फूल बेहद पसंद है। इसके अलावा शिवजी की पूजा में बेलपत्र, भांग के पत्ते भी खासतौर पर चढ़ाए जाते हैं। शिवजी के इन पसंदीदा फूलों की मदद से झालर तैयार करके भी मंदिर को सजाया जा सकता है। आप फूलों की मदद से माला भी तैयार कर सकते हैं। मंदिर में रखें सभी देवी देवताओं को सुंदर-सुंदर माला अर्पित कर सकते हैं। इससे मंदिर को नेचुरल लुक मिलेगा जिससे मंदिर की खूबसूरती और ज्यादा बढ़ जाएगी।