आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा, व्यापम द्वारा दिशा-निर्देश जारी..

छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा आबकारी आरक्षक पद के लिए भर्ती परीक्षा 27 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल आयोजन हेतु कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

परीक्षा के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए व्यापम ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा जिले के 12 केंद्रों में आयोजित की जाएगी, जिसमें 4343 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश

1. परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 10:30 बजे के बाद नहीं दिया जाएगा।


परीक्षार्थियों को कम से कम 2 घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र में पहुंचना अनिवार्य है, ताकि मेटल डिटेक्टर एवं दस्तावेज़ जांच समय पर की जा सके।

2. हाथ से तलाशी और मेटल डिटेक्टर जांच सभी परीक्षार्थियों की की जाएगी।

3. हल्के रंग के आधी बाँह के कपड़े और चप्पल पहनना अनिवार्य होगा।

4. कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनकर आना वर्जित रहेगा।

5. स्मार्ट वॉच, मोबाइल, पर्स, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेंगे।

6. परीक्षा में एडमिट कार्ड के साथ एक मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र (जैसे – आधार कार्ड, पेन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, या मतदाता पहचान पत्र) लाना अनिवार्य है।

पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल एवं अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों के नोडल अधिकारी, पुलिस अधिकारी, तहसीलदार एवं एसडीओपी को निर्देशित किया है कि परीक्षा निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो।

अभ्यर्थियों से अनुरोध है कि वे व्यापम द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही परीक्षा में शामिल होने से वंचित कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *