भाजपा पार्षद रंगानादम पर गुंडागर्दी के आरोप, कर्मचारी को दी जान से मारने की धमकी, निष्क्रियता के चलते वार्ड में विकास कार्य भी ठप

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षद रंगानादम एक बार फिर विवादों के केंद्र में हैं। नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक मनीष कुमार उपाध्याय ने उन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उपाध्याय ने कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त और संबंधित थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है।

शिकायत के मुताबिक, उपाध्याय जोन क्रमांक-5 में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को पार्षद रंगानादम अचानक कार्यालय पहुंचे और नाम लेकर गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर पार्षद ने खुलेआम धमकी दी कि वह जान से मार देंगे। घटना के समय कार्यालय में अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे, जो इसके प्रत्यक्षदर्शी हैं।

मनीष उपाध्याय का कहना है कि पार्षद रंगानादम नियम विरुद्ध और अनैतिक कार्य करवाने का दबाव डालते हैं। उनके सहयोगी ‘बल्ली’ नामक व्यक्ति बिना किसी दस्तावेज़ीय सत्यापन के भारी संख्या में राशन कार्ड बनवाने की कोशिश कर रहा था। जब इसका विरोध किया गया तो पार्षद ने कार्यालय में हंगामा किया और मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए माहौल को अशांत कर दिया।

शिकायतकर्ता ने स्पष्ट कहा है कि यदि भविष्य में उन्हें किसी भी प्रकार की हानि होती है, तो इसके लिए जिम्मेदार पार्षद रंगानादम ही होंगे। उन्होंने खुद को मानसिक रूप से अत्यधिक तनावग्रस्त बताया है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

इतना ही नहीं, पार्षद रंगानादम द्वारा उनके वार्ड में किसी भी प्रकार का विकास कार्य नहीं कराया जा रहा है। क्षेत्रवासियों में भी इसे लेकर भारी नाराजगी है। गली-मोहल्लों की हालत बदतर बनी हुई है, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपेक्षित हैं। जनता का कहना है कि पार्षद का ध्यान केवल राजनीतिक दबाव और व्यक्तिगत हितों पर है, जबकि वार्ड की वास्तविक समस्याओं की कोई सुनवाई नहीं हो रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *