बिलासपुर। एनटीपीसी सीपत प्लांट में बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यूनिट क्रमांक 5 में ओवर ऑयलिंग के दौरान हुए इस हादसे में एक संविदा कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
एनटीपीसी के जनसंपर्क अधिकारी प्रवीण रंजन भारती के अनुसार, हादसा दोपहर करीब 12:30 से 1:00 बजे के बीच हुआ। कुल पांच संविदा श्रमिक घायल हुए थे। इनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
गंभीर रूप से घायल श्रमिक, श्याम कुमार साहू को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। सिम्स प्रबंधन ने उनकी मृत्यु की पुष्टि कर दी है।
एक अन्य घायल, प्रताप सिंह, अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है। प्लांट प्रबंधन ने सभी घायलों के इलाज का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी ली है।
एनटीपीसी प्रबंधन ने मृतक कर्मचारी के परिजनों और घायलों को नियमानुसार मुआवज़ा देने का आश्वासन भी दिया है।
हादसे के बाद प्लांट में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय प्रशासन और श्रमिक संगठनों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की मांग की है।
इधर, हादसे से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सीपत मेन रोड पर चक्काजाम कर दिया, जो देर शाम तक जारी रहा। मौके पर मौजूद प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।