दिल्ली। देशभर में 15 अगस्त से नए एनुअल FASTag पास की सुविधा शुरू होने जा रही है। इस पास की मदद से वाहन मालिकों को हर बार टोल पर बड़ी रकम देने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि इस पास के जरिए एक साल में सिर्फ 15 रुपए में टोल प्लाजा पार किया जा सकेगा।
एनुअल FASTag पास की कीमत 3,000 रुपए रखी गई है, जिसमें 200 ट्रिप शामिल होंगी। एक ट्रिप का मतलब टोल प्लाजा को एक बार पार करना है, यानी प्रति टोल खर्च केवल 15 रुपए ही पड़ेगा।
यह सालाना टोल पास खास तौर से कार, जीप और वैन जैसे नॉन-कमर्शियल प्राइवेट व्हीकल के लिए तैयार किया गया है। मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार, इस पास का उद्देश्य 60 किलोमीटर के दायरे में स्थित टोल प्लाजा पर लंबी कतारों और समय की बचत करना है।
सालाना FASTag पास से टोल भुगतान सरल, तेज और विवाद-मुक्त होगा। इससे टोल प्लाजा पर वेटिंग टाइम कम होगा, भीड़भाड़ घटेगी और लाखों प्राइवेट वाहन मालिकों को एक सहज और आसान यात्रा का अनुभव मिलेगा।