बिलासपुर। गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेसर पटेल ने अपने दौरे के दौरान न केवल गौ सेवा की व्यवस्था का निरीक्षण किया, बल्कि मानव सेवा के प्रति भी अपनी गहरी संवेदनशीलता दिखाई। बुधवार को बिलासपुर प्रवास के बाद वापसी के समय उन्होंने मंगला चौक स्थित जैन कैंपस में संचालित मानव सेवा रसोई का दौरा किया।

इस अवसर पर श्री पटेल ने समाजसेवी सुधीर जैन और उनकी टीम द्वारा जरूरतमंदों को निःशुल्क सात्विक भोजन कराने की सराहना की और स्वयं भी वहां बैठकर जलपान किया। उन्होंने कहा कि—
“सेवा का सबसे बड़ा रूप है भूखे को भोजन कराना, और यहां जो कार्य हो रहा है, वह अनुकरणीय है।”
मानव सेवा रसोई प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक 600 से 700 लोगों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराती है। कई लोग यहां अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या किसी भी खास अवसर पर सेवा देने आते हैं।

गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष के रूप में विशेसर पटेल स्वयं भी प्रदेश भर में गौशालाओं का दौरा कर, गौवंश की देखरेख, चारा-पानी, चिकित्सा और आश्रय की व्यवस्थाओं को मजबूत करने में लगे हैं। उनके नेतृत्व में कई गौशालाओं में संरचना सुधार और संसाधन वृद्धि हुई है।
श्री पटेल का मानना है कि गौ सेवा और मानव सेवा, दोनों ही भारतीय संस्कृति की आत्मा हैं। हमें जहां जरूरत हो, वहां तन-मन-धन से सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर मानव सेवा टीम के प्रमुख सुधीर जैन,सुनीला नाहर,स्वप्निल नाहर,गौरव जैन, सुरेन्द्र जैन,मनीष शर्मा,स्वर नाहर,पुरुषोत्तम कैवर्त, नरेंद्र सिंह, आरिफ खान सहित मानव सेवा काम करने वाले सहयोगी मौजूद रहे।
प्रोटोकॉल का नहीं हुआ पालन
चर्चा यह भी है कि गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेसर पटेल के प्रवास की विधिवत सूचना जिला प्रशासन को दी गई थी मगर उनके आगमन दौरान जिला प्रशासन की तरफ से स्वागत, सत्कार में कोई उपस्थित नहीं रहे। जेल परिसर में गौ शाला निरीक्षण की भी खबर जेल अधिकारियों को कुछ समाजसेवियों ने दी तब जेल प्रशासन आगमन के कुछ समय पहले उनकी आवभगत के लिए हलचल में दिखा।