एसीबी की बड़ी कार्रवाई : आबकारी उपनिरीक्षक 50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

रायगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने आबकारी उपनिरीक्षक संतोष कुमार नारंग को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

धर्मजयगढ़ निवासी सुनीत टोप्पो ने 20 अगस्त 2025 को एसीबी बिलासपुर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप था कि 19 अगस्त को नारंग ने उनके घर ग्राम पंडरी महुआ पहुंचकर अवैध शराब बनाने का आरोप लगाया और तलाशी के दौरान उनकी मां से कुछ कागजों पर हस्ताक्षर करवाए। इस दौरान नारंग ने कड़ी कार्रवाई से बचाने के एवज में 50,000 रुपये की रिश्वत मांगी।

सुनीत ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए एसीबी से संपर्क किया। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की योजना बनाई। 30 अगस्त को सुनीत को रासायनिक घोल से लगे 50,000 रुपये लेकर खरसिया स्थित आबकारी कार्यालय भेजा गया। जैसे ही नारंग ने राशि स्वीकार की, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

पूरी रिश्वत राशि जब्त कर ली गई है। नारंग के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *