पथरिया ब्लॉक कांग्रेस की बैठक में फिर छिड़ा विवाद, सचिन पायलट को की जाएगी शिकायत

जिलाध्यक्ष के खिलाफ कार्यकर्ताओं में बढ़ा आक्रोश

मुंगेली। डिंडौरी ब्लॉक कांग्रेस की बैठक से शुरू हुआ विवाद अब पथरिया तक पहुंच गया है। रविवार को स्थानीय रेस्ट हाउस में आयोजित पथरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में उस समय माहौल गरमा गया जब मंच संचालन के दौरान सभी कांग्रेसियों को बोलने का अवसर देने की बात कही गई।

बैठक में मौजूद पूर्व जनपद सदस्य और हाल ही में जिला पंचायत चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी रही पुष्पा घृतलहरे के पति ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि कांग्रेस को हराने वाले बाहरी प्रत्याशी को मंच से बोलने का अधिकार देना अनुचित है। इस आपत्ति के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को बैठक से बाहर करवा दिया।

इस निर्णय से नाराज होकर भुवन गेंदले बैठक छोड़कर चले गए। घटना के बाद कार्यकर्ताओं में भारी असंतोष देखने को मिला। उनका कहना है कि जिलाध्यक्ष वर्मा लगातार मनमानी कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं की राय को दरकिनार कर फैसले थोप रहे हैं।

सूत्रों का कहना है कि इस प्रकरण को लेकर आगामी 17 सितंबर को मुंगेली दौरे पर आ रहे कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी जिलाध्यक्ष पर कई बार कार्यकर्ताओं की अनदेखी और पक्षपात के आरोप लग चुके हैं। लगातार उपेक्षा से संगठन की एकजुटता प्रभावित हो रही है और कार्यकर्ताओं में नाराजगी गहराती जा रही है।

यह ताज़ा विवाद एक बार फिर से कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और नेतृत्व पर उठते सवालों को उजागर कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *