बैठक से अपमानित कर निकाले जाने से आहत कांग्रेस कार्यकर्ता ने दिया पार्टी से त्यागपत्र

मुंगेली। पथरिया ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक में हुए विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया के सक्रिय कार्यकर्ता ने जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष घनश्याम वर्मा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर को पथरिया में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने संबंधित कार्यकर्ता को अपशब्द कहते हुए बैठक से बाहर निकलने के लिए मजबूर किया। कार्यकर्ता का कहना है कि जब उसने कारण पूछा तो जिला अध्यक्ष ने कहा कि “तुमने मेरे खिलाफ जिला पंचायत चुनाव लड़ा था, इसलिए तुम्हें बैठक में बैठने का हक नहीं है।”

पीड़ित कार्यकर्ता ने आरोप लगाया कि इस घटना से वह गहरी पीड़ा और अपमान महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह अनुसूचित जाति से आते हैं और जानबूझकर उन्हें अपमानित एवं प्रताड़ित करने के उद्देश्य से बैठक से बाहर किया गया। जबकि अन्य प्रत्याशियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

कार्यकर्ता ने बताया कि वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में जिम्मेदारियों का निर्वहन करते आ रहे थे। परंतु जिला अध्यक्ष के दुर्रव्यवहार से आहत होकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।

इस घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी असंतोष की चर्चा है। अब देखना होगा कि जिला कांग्रेस कमेटी इस प्रकरण पर क्या रुख अपनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *